PM Modi और जयंत चौधरी कल दिखेंगे एक साथ
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ वासियों को मेट्रो की सौगात देने आ रहे हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री जयन्त चौधरी भी मंच साझा करेंगे। एनडीए गठबंधन का अंग रालोद के कार्यकर्ता इस सूचना के बाद उत्साहित हैं।
शनिवार को बाउंड्री रोड स्थित जिला कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की आपात बैठक हुई। गांव और कस्बों से बड़ी संख्या में रैली स्थल पर लोगों के पहुंचने का आवाह्न किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक की अध्यक्षता में बैठक में आयोजन को लेकर तैयारी की रूपरेखा तय की गई।
बागपत के सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने कहा कि हमारे नेता जयन्त चौधरी ने हमेशा पश्चिम उप्र को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की वकालत की है। नमो भारत ट्रेन का मोदीपुरम तक आना उनके विजन की जीत है। रविवार को जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जयन्त चौधरी एक साथ मंच पर होंगे, तो यह गठबंधन की मजबूती और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का बड़ा संदेश क्षेत्र की जनता में जाएगा।
जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने कहा कि 22 फरवरी का दिन ऐतिहासिक है, मेरठ और आसपास के क्षेत्र लोग देश की राजधानी कम समय में पहुंच जाएंगे। इससे न सिर्फ विकास को पंख लगेंगे बल्कि छात्र छात्राओं को सुविधा होगी।
बैठक में विधायक गुलाम मोहम्मद, मतलूब गौड़, वरिष्ठ रालोद नेता सुनील रोहटा, अभिमन्यु ललसाना, संगीता दोहरे, सतेंद्र तोमर, मनोज जिटौली मौजूद रहे। |