LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 595
जिलाध्यक्ष प्रकाश दास ने भी पार्टी से दिया इस्तीफा। (जागरण)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी चयन और समर्थन देने के बाद भाजपा में शुरू हुई टूट थमने का नाम नहीं ले रही है।
अब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश दास ने भी पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया। शनिवार को उन्होंने प्रेसवार्ता कर इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि वह 16 वर्षों से भाजपा में हैं। इस दौरान पार्टी में विभिन्न पदों पर रहकर संगठन के लिए समर्पित भाव से काम किया, लेकिन पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया।
समर्पित और स्थानीय कार्यकर्ताओं को मेयर पद का प्रत्याशी बनाने के बजाए पार्टी ने पूंजीपति उम्मीदवार को समर्थन देने का काम किया है। इससे वह काफी आहत हुए हैं। कुछ गिने-चुने नेताओं ने पूंजीपति को लाने का काम किया है।
भाजपा ने मेयर पद के लिए वैसे उम्मीदवार को समर्थन दिया है, जिसने पार्टी के लिए कभी कुछ नहीं किया है। कहा कि भाजपा को गिरिडीह में कुछ गिने चुने लोग चला रहे हैं।
इसमें पार्टी के समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कहा कि भाजपा से इस्तीफा देने के बाद अब वह अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति बनाएंगे। |
|