शशि थरूर मानद डीलिट की उपाधि से सम्मानित (फोटो- एक्स)
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। राजनयिक से कांग्रेस सांसद बने शशि थरूर को शनिवार को कोलकाता स्थित सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षा समारोह में मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डीलिट) की उपाधि से सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने भारत में अपनी पहली मानद डॉक्टरेट बताया।
यह समारोह न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया, जहां 1,052 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। 25 पीएचडी शोधार्थियों को सम्मानित किया गया और 17 छात्रों को स्वर्ण पदक प्राप्त हुए।
थरूर ने समाज की सेवा के रूप में शिक्षा के अंतिम उद्देश्य को रेखांकित करते हुए छात्रों से नागरिक उत्तरदायित्व को अपनाने का आग्रह किया। शिक्षा जगत में महिलाओं की प्रगति की भी सराहना की और कहा कि कई स्वर्ण पदक विजेता महिलाएं हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत का भविष्य ऐसे नागरिकों द्वारा गढ़ा जाएगा जो कौशल और संवेदनशीलता का सही संयोजन करते हैं। |