साले की बारात में जाने की तैयारी कर रहे आइटीबीपी जवान की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव मिसरी में साले की बारात में शामिल होने की तैयारी कर रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना से परिवार में चल रही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान गांव मिसरी निवासी नवीन (42) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात था।
स्वजन के अनुसार नवीन फरवरी की शुरुआत में छुट्टी लेकर घर आया था। उसकी ससुराल रेवाड़ी जिले के नया गांव में है, जहां साले की शादी समारोह चल रहा था। शनिवार शाम वह गांव मिसरी स्थित अपने घर से बारात में जाने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक तबीयत बिगड़ने से बेहोश होकर गिर पड़ा।
पिता विजय व अन्य स्वजन उसे तुरंत चरखी दादरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बौंद कलां थाना पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
रेवाड़ी जिले के नया गांव स्थित नवीन की ससुराल में शादी समारोह चल रहा था। 19 फरवरी को लग्न-मेल का कार्यक्रम हुआ था और उसकी पत्नी व बच्चे पहले ही वहां गए हुए थे। शनिवार रात को बारात जानी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह तैयारी कर रहा था, तभी उसे हार्ट अटैक आया।
नवीन वर्ष 2007 में आइटीबीपी में भर्ती हुआ था और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात था। वह मार्च के पहले सप्ताह में ड्यूटी पर लौटने वाला था। अपने पीछे वह पत्नी व 15 और 10 वर्षीय दो बेटों को छोड़ गया है। स्वजनों ने उसकी यूनिट को सूचना दे दी है। |
|