रैली का बाइक सवार।
जागरण संवाददाता, आगरा। एडवेंचर से भरपूर द आगरा ताज कार और बाइक रैली शनिवार को आगरा से झांसी के लिए रवाना हुई। जंगल, बांध, नहर, पगडंडियों और दुर्गम रास्तों पर रफ्तार का रोमांच प्रतिभागियों को जमकर भाया। वह कहीं कीचड़ के मध्य से होकर गुजरे तो कहीं पथरीले रास्तों और धूल के गुबार से उनका सामना हुआ।
रोड बुक के आधार पर नेविगेटर्स द्वारा बताए गए अनजाने रास्तोें पर प्रतिभागियों की जमकर परीक्षा हुई। रात को प्रतिभागीझांसी पहुंचे। वहां से वह रविवार सुबह आगरा के लिए वापस लौटेंगे।
ताज कार व बाइक रैली के दूसरे दिन झांसी पहुंचे 77 प्रतिभागी
मोटर स्पाेर्ट्स क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन, नगर निगम व पर्यटन विभाग द्वारा टाइम, स्पीड व डिस्टेंस (टीएसडी) फॉर्मेट पर आयोजित द आगरा ताज कार व बाइक रैली की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। पहले दिन करीब 100 किमी की दूरी प्रतिभागियों ने शहर व देहात के रास्तों पर नापी थी। रैली शनिवार सुबह ताजनगरी फेज-टू स्थित होटल कोर्टयार्ड बाइ मैरियट से झांसी के लिए रवाना हुई।
तीन चरणों की रैली में प्रतिभागी करेंगे 800 किमी का फासला तय
प्रतिभागियों ने उत्साह ने रैली को रोमांच से भर दिया। होटल से केपीएस टाउनशिप होते हुए प्रतिभागी आगरा-ग्वालियर बाइपास पहुंचे। यहां कीचड़ और मैदान में बने ट्रैक से उनका सामना हुआ। उजरई रोड पर ऊबड़-खाबड़ धूल भरा ट्रैक उन्हें मिला। जैतपुर नहर क्रासिंग करने के बाद प्रतिभागियों का सामना बबाईं में पैंटून पुल पर धैर्य की परीक्षा से हुआ। यहां से आगे बढ़ने पर बिठौरा व जयगाह में कीचड़ से भरे रास्ते को पार करने की चुनौती सामने थी।
रात्रि विश्राम के लिए झांसी में रुके
बिलौंद-जयगाह में पैंटून पुल से गुजरने के बाद हरौली नहर के किनारे 55 कारों और 22 बाइकों पर सवार रेसर और नेविगेटर्स का कारवां आगे बढ़ा। दूसरे दिन रैली में सवार प्रतिभागी रात्रि विश्राम के लिए झांसी में रुके। प्रतिभागियों ने कठिन व रोमांचकारी सफर को अविस्मरणीय बताया।
आगरा से झांसी तक के मार्ग पर रोमांच, ऊर्जा और खेल भावना का उदाहरण प्रस्तुत किया
संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया व चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि आयोजन ने आगरा से झांसी तक के मार्ग पर रोमांच, ऊर्जा और खेल भावना का उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह मोटर स्पोर्ट्स को पसंद करने वालाें के लिए एक यादगार अनुभव है। अध्यक्ष राजीव गुप्ता, अर्पित अग्रवाल, सह-सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रताप आदि उपस्थित रहे।
पर्यटन को बढ़ावा देना है उद्देश्य
कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल व अमित मित्तल ने बताया कि रैली का उद्देश्य माेटर स्पोर्ट्स के साथ आगरा से झांसी तक ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी है। ग्रामीण अंचल, बांध, जंगल व प्राकृतिक स्थलों ने प्रतिभागियों को बुंदेलखंड की भौगोलिक विविधता से रूबरू कराया। इससे आगरा एवं बुंदेलखंड क्षेत्र को एडवेंचर स्पोर्ट्स और रोड ट्रिप डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
आज घोषित होगा परिणाम
झांसी के किले से एडवेंचर रैली का अगला चरण रविवार सुबह शुरू होगा। सुकमा डुकमा बांध और नहर, सुकमा डुकमा जंगल, डोंगरी बांध, डोंगरी के जंगल होते हुए प्रतिभागी वापस आगरा लौटेंगे। अंतिम चरण में भी प्रतिस्पर्धा चरम पर रहने की संभावना है। आगरा में विजेताओं की घोषणा और पुरस्कार वितरण होगा। |