LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 695
कार से 2.37 लाख की नकदी गायब (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शहर की हंस मार्केट स्थित जैन एजेंसीज के मालिक की कार से 2 लाख 37 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी ने अपने ही ड्राइवर पर किसी साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का शक जताया है। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार माडल टाउन निवासी कारोबारी राजीव जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 फरवरी की शाम वह अपनी दुकान से घर जा रहे थे। उन्होंने दिनभर की बिक्री के 2 लाख 37 हजार रुपये एक बैग में रखकर कार में रखे थे। रास्ते में वह सिरसा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने लगी फल रेहड़ियों के पास फल खरीदने के लिए रुके। उनके साथ ड्राइवर भी गाड़ी से नीचे उतर गया।
शिकायत के अनुसार, राजीव जैन को उतारने के बाद ड्राइवर ने कार को थोड़ा आगे ले जाकर रोक दिया। कारोबारी का आरोप है कि ड्राइवर ने कार को लाक नहीं किया। इसके बाद वे घर चले गए। घर पहुंचकर जब उन्होंने बैग संभालना चाहा तो बैग गायब मिला।
बैग में रखी पूरी नकदी भी नहीं मिली। राजीव जैन ने बताया कि उन्होंने तुरंत ड्राइवर से पूछताछ की, लेकिन उसने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। कारोबारी का कहना है कि ड्राइवर को उन्होंने मात्र तीन दिन पहले ही काम पर रखा था, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरी की घटना का खुलासा किया जा सके। |
|