मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा। (प्रतीकात्मक)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। रीवा-सीधी नेशनल हाईवे पर ग्राम गेरूई के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेरूई में एक पेट्रोल पंप के पास घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रहा था, जबकि स्कॉर्पियो वाहन सीधी की दिशा से रीवा की ओर आ रहा था। पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर ही पलट गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
शुरुआती खबरों के अनुसार, ऑटो में सवार एक महिला और एक पुरुष की इस हादसे में जान चली गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर चार लोगों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए रीवा के नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्कॉर्पियो से बरामद हुए हथियार, चालक फरार
घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की जांच के दौरान स्कॉर्पियो वाहन के भीतर से संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से डंडे और चाकू मिले हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वाहन में हथियार क्यों रखे थे और चालक कौन था। सूचना मिलते ही गुढ़ और गोविंदगढ़ पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
सड़क हादसे के बाद रीवा-सीधी मार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्कार्पियो चालक की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें- पेड़ से टकराई कार के उड़े परखच्चे, तीन की मौत; शादी से लौट रहे परिवार संग हुआ बरेली में हादसा |