शव को सड़क के बीच में रखकर प्रदर्शन करते हुए पारिवारिक सदस्य।
संवाद सूत्र, भिखीविंड। पंजाब के तरनतारन के विधानसभा हलका खेमकरण के गांव मनिहाला जय सिंह निवासी वरियाम सिंह की मौत के बाद मामला विवादों में घिर गया है। मृतक के बेटे अमृतपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की मौत एक ट्रेवल एजेंट की ठगी और मानसिक दबाव के कारण हुई।
परिवार ने थाना कच्चा-पक्का के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ट्रेवल एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अमृतपाल सिंह ने बताया कि उसके गांव के ही युवक निर्मल सिंह के माध्यम से उसका संपर्क ढिल्लवां निवासी ट्रेवल एजेंट रिंकू से हुआ था। एजेंट ने उसे साइबेरिया भेजने के लिए पांच लाख रुपये मांगे।
परिवार ने 14 अक्टूबर 2025 को दो लाख रुपये दे दिए, जबकि शेष राशि अलग-अलग किश्तों में दी गई। अमृतपाल के अनुसार, एक जुलाई 2025 को एजेंट ने पांच लाख रुपये प्राप्त करने की बाकायदा रसीद भी दी, लेकिन तय समय पर विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं की।
यह भी पढ़ें- लड़की की फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी; साइबर सैल ने जांच के बाद तीन किए नामजद
एजेंट करता रहा टाल मटोल
अमृतपाल का कहना है कि वह अपने माता-पिता के साथ कई बार एजेंट के पास गया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। नौ फरवरी को एजेंट ने तीन लाख रुपये का एक चेक दिया, जो आईसीआईसीआई बैंक में जमा कराने पर बाउंस हो गया। इसी बीच एक फरवरी को उसकी मां बलविंदर कौर की मौत हो गई और 18 फरवरी को पिता वरियाम सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
बेटे का आरोप है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव ने उसके माता-पिता की जान ले ली। परिवार ने पहले थाना कच्चा-पक्का में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज होकर उन्होंने दो दिन तक पिता का शव ट्राली पर रखकर थाने के बाहर धरना दिया।
यह भी पढ़ें- विदेश भेजने के नाम पर ठगी; पंजाब में सबसे ज्यादा शिकायतें, एफआईआर और अभियोजन पर उठे सवाल
आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही पुलिस
मामला तूल पकड़ने के बाद सब डिवीजन भिखीविंड के डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और अमृतपाल के बयान दर्ज करने के आदेश दिए। थाना कच्चा-पक्का के ड्यूटी अधिकारी एएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि अमृतपाल के बयानों के आधार पर ट्रेवल एजेंट रिंकू ढिल्लवां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
यह मामला एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर होने वाली कथित ठगी और युवाओं के सपनों से खिलवाड़ की ओर इशारा करता है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में सब्जी मंडी में अड्डा लगाने को लेकर खूनी झड़प; दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप |
|