हिसार: कार की टक्कर से अधिवक्ता की मौत। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, हांसी। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सैनीपुरा फ्लाईओवर के समीप रविवार सुबह एक सड़क हादसे में हांसी बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश कुमार की मौत हो गई। तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार ने उनकी बुलेट बाइक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे करीब 50 फुट दूर जाकर गिरे।
राहगीरों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से सिसाय कालीरामण निवासी और वर्तमान में वकील कालोनी में रहने वाले रमेश कुमार रविवार सुबह अपने पिता मिलाप सिंह को गांव में आयोजित एक सामाजिक सम्मेलन में छोड़ने गए थे।
पिता को कार्यक्रम स्थल पर छोड़ने के बाद जब वे वापस हांसी लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार चालक और उसमें सवार परिजनों को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालक का कहना है कि वे दिल्ली से हिसार सत्संग में शामिल होने जा रहे थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। रमेश कुमार अपनी पांच बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही सिसाय गांव और वकील कालोनी में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पीछे उनकी पत्नी, एक बेटा जो सीकर में आईआईटी की कोचिंग ले रहा है और एक बेटी जो जयपुर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और वाहनों को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। |