रोजा को लेकर फलों की कीमती में बढ़ोत्तरी
संवाद सहयोगी, जागरण, रेलपार : रमजान को लेकर फलों की कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इसके अलावा सूखे फल, मेवा, खजूर, किसमिस, काजू आदि की कीमतों में भी वृद्धि देखी जा रही है। खासकर फलों के दाम बढ़ने से रोजेदार परेशान हैं। सिर्फ तरबूज की कीमत में कोई विशेष बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। बाकी फलों की कीमत में 20 रुपये से लेकर 25 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बढ़ोत्तरी देखी जा रही है, जिससे रोजेदार अपने बजट के हिसाब से फलों की खरीदारी कर रहे हैं। जिससे दुकानदारों की आमदनी पर असर पड़ रहा है। रोजा को देखते हुए दुकानदार फलों का स्टाक रखे हैं। रेलपार बरुवा बाजार के फल विक्रेता मोहम्मद इसराइल तथा चांदमारी बाजार में फल विक्रेता मोहम्मद आलम का कहना है कि रमजान महीना को लेकर फलों से लेकर अन्य खाद्य पदार्थों की कीमत में थोड़ी वृद्धि हुई है। खासकर फलों की कीमत में 15 रुपये से लेकर 25 रुपये तक के बीच वृद्धि हुई है, जिसमें सेव, मुसम्मी, नींबू, अंगूर, केला, खजूर आदि। सेव 220 रुपये से 240 रुपये तक बिक रहा है, केला 50 रुपया से 60 रुपया, स्थानीय अंगूर 120 रुपये से लेकर 150 रुपये, बाहरी अंगूर 300 रुपये किलो, कमला नींब 100 रुपये किलो, माल्टा तथा तुर्की का कमला नींबू 170 रुपये बिक रहा है, पपीता 80 रुपये किलो है। पक्का बाजार के दुकानदार मोहम्मद नईम ने बताया कि स्थानीय खजूर का आधा किलो का दाम 100 रुपये, केन्या का खजूर 300 रुपया किलो बिक रहा है। काजू 800 रुपये प्रति किलो, किसमिस 320 रुपये किलो, अखरोट 900 रुपये प्रति किलो है। उन्होंने बताया कि महंगाई के कारण खरीदार कम आ रहे हैं, जिससे बिक्री प्रभावित हैं। |