80 किलोमीटर से ज्यादा लंबे कॉरिडोर के साथ न सिर्फ सफर तेज होगा, बल्कि NCR की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर की रोजाना की लंबी और थकाने वाली यात्रा अब बदल गई है। सिर्फ 210 रुपये में, एसी कोच में बैठकर दिल्ली से मेरठ का सफर होगा, वो भी हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन से।
80 किलोमीटर से ज्यादा लंबे इस कॉरिडोर के साथ न सिर्फ सफर तेज होगा, बल्कि NCR की कनेक्टिविटी, ट्रैफिक और रोजाना लाखों लोगों की जिंदगी पर इसका सीधा असर पड़ेगा। तो आखिर क्या है नमो भारत कॉरिडोर? कितना समय बचेगा, किराया कितना होगा, और दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा कैसे बदलने वाली है, समझते हैं इस रिपोर्ट में।
प्रतिदिन पार्किंग शुल्क और मासिक पास
एनसीआरटीसी ने वैसे तो अपने सभी स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा दी है, लेकिन गाजियाबाद, मेरठ साउथ, सराय काले खां, गुलधर और मोदीपुरम में सबसे बड़ी वाहन पार्किंग खोली गई है। नमो भारत कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर चारपहिया वाहन का 12–16 घंटे का पार्किंग शुल्क 80 रुपये है।
स्कूटर व बाइक के लिए 6–16 घंटे तक के लिए 10–30 रुपये और साइकिल के लिए 5–20 रुपये शुल्क देना होगा। इसी तरह, दोपहिया वाहन के लिए मासिक शुल्क 600 रुपये और चारपहिया वाहन के लिए 2000 रुपये तय किया गया है। पिकअप और ड्रॉप के लिए आने वाले वाहनों से 10 मिनट तक के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की मुख्य बातें
- 30,274 करोड़ रुपये है कुल लागत
- 82.15 किलोमीटर है कुल लंबाई
- 02 मेंटेनेंस डिपो (दुहाई और मोदीपुरम)
- 14 किमी हिस्सा दिल्ली में
- 68 किमी हिस्सा उत्तर प्रदेश में
- 70 किमी एलिवेटेड (दिल्ली में 9.22 किमी व उत्तर प्रदेश में 60.57 किमी)
- 12 किमी अंडरग्राउंड (दिल्ली में 5 किमी व उत्तर प्रदेश में 7 किमी)
- 55 किमी कॉरिडोर चालू (न्यू अशोक नगर व मेरठ साउथ के बीच)
नमो भारत ट्रेनों की विशेषताएं
- हर डिब्बे में ओवरहेड लगेज रैक, मोबाइल व लैपटॉप चार्जिंग सॉकेट।
- पब्लिक एनाउंसमेंट और डिस्प्ले सिस्टम, डायनामिक रूट मैप डिस्प्ले और एक इंफोटेनमेंट डिस्प्ले के साथ-साथ इमरजेंसी कम्युनिकेशन सुविधाओं से लैस।
- सीसीटीवी, फायर और स्मोक डिटेक्टर, अग्निशामक यंत्र और डोर इंडिकेटर।
- जरूरत के हिसाब से दरवाजे खोलने के लिए पुश बटन। इससे हर स्टेशन पर सभी दरवाजे खोलने की जरूरत नहीं।
- हर ट्रेन में एक प्रीमियम कोच।
- महिलाओं के लिए एक कोच रिजर्व।
कुल 16 नमो भारत स्टेशन
- जंगपुरा (एलिवेटेड, निर्माणाधीन)
- सराय काले खां (एलिवेटेड)
- न्यू अशोक नगर (एलिवेटेड)
- आनंद विहार (अंडरग्राउंड)
- साहिबाबाद (एलिवेटेड)
- गाजियाबाद (एलिवेटेड)
- गुलधर (एलिवेटेड)
- दुहाई (एलिवेटेड)
- दुहाई डिपो (एट-ग्रेड)
- मुरादनगर (एलिवेटेड)
- मोदी नगर साउथ (एलिवेटेड)
- मोदी नगर नॉर्थ (एलिवेटेड)
- मेरठ साउथ (एलिवेटेड)
- परतापुर (एलिवेटेड)
- बेगमपुल (अंडरग्राउंड)
- मोदीपुरम (एलिवेटेड)
सराय काले खां स्टेशन बना मल्टी मॉडल हब
- सराय काले खां स्टेशन सबसे बड़े मल्टी मॉडल हब के रूप में तैयार किया गया है। यहां दिल्ली-मेरठ के साथ ही नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित दिल्ली-करनाल व दिल्ली-अलवर रूट भी मिलेंगे। इसे रेलवे और डीएमआरसी से भी जोड़ा गया है।
- सराय काले खां स्टेशन में पांच प्रवेश-निकास द्वार, 14 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर और कई सीढ़ियां हैं।
- यह हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, मेट्रो की पिंक लाइन, सराय काले खां आईएसबीटी और रिंग रोड से भी जोड़ा गया है।
- स्टेशन को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए 280 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। इसमें छह ट्रैवलटर लगे हैं।
यह भी पढ़ें- सराय काले खां से पहली बार यात्रियों को लेकर दौड़ी नमो भारत, 60 मिनट में तय की 82 किमी लंबी दिल्ली-मेरठ की दूरी |