ओडिशा में बारिश का पूर्वानुमान। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने आठ जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने का परामर्श जारी किया है।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, कालाहांडी, मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर और भद्रक जिलों में दोपहर बाद से मौसम सक्रिय हो सकता है।
इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी भुवनेश्वर समेत तटीय और दक्षिणी ओडिशा में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे बादलों का तेजी से विकास हो रहा है।
तापमान में होगी गिरावट
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ सकता है। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, हालांकि उमस बनी रह सकती है।
उधर, संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन की टीमें तैयार रखी गई हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में रखी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतें।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ें- ओडिशा के गंजाम-कंधमाल सीमा के कराडा वन में मुठभेड़, 27.50 लाख के इनामी 2 माओवादी ढेर
यह भी पढ़ें- संपत्ति ब्यौरा देने में देरी पड़ी भारी, ओडिशा हाई कोर्ट ने रोकी पुलिस अफसरों की पदोन्नति |