रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
जागरण संवाददाता, आरा। कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया स्कूल के समीप सोमवार की शाम अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार साला-बहनोई को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का कारण अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला निवासी 25 वर्षीय अमित पासवान, पिता महंत पासवान के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अपनी बहन सरिता के ससुराल झोंकीपुर में रह रहा था।
वह घांघर गांव में बतख फार्म का काम करता था। परिवार में एक भाई रवि पासवान, दो बहनें सरिता और सुषमा तथा मां माया देवी हैं।
मृतक अमित पासवान
घायल बहनोई की पहचान 29 वर्षीय राजू पासवान, पिता विश्वनाथ पासवान, निवासी झोंकीपुर, थाना कृष्णगढ़ के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दोनों झोंकीपुर से आरा के जवाहर टोला जा रहे थे।
मृतक की फुआ सीता देवी निवासी बहिरो गांव की बेटी नीलू की शादी 26 फरवरी को होनी है। उसी की तैयारी को लेकर दोनों घर आ रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।  |