search

दिल्ली में सरकारी लापरवाही उजागर, सील दुकान में 3000 लोगों का एक माह का 15000 किलो राशन सड़ा; बदबू से बेहाल

cy520520 Yesterday 22:26 views 622
  

जिस राशन को तीन हजार लोग लगभग एक माह तक खा सकते थे, उसमें अब कीड़े लग गए हैं। जागरण



सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। नंदनगरी इलाके में सरकारी लापरवाही से हजारों लोगों का भोजन बंद राशन की दुकान में सड़ गया। जिस राशन को तीन हजार लोग लगभग एक माह तक खा सकते थे, उसमें अब कीड़े लग गए हैं।
जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा

सरकारी राशन के कोटे में गड़बड़ी के चलते दुकान को आपूर्ति विभाग ने सील तो कर दिया लेकिन 15 हजार किलो अनाज अंदर ही सड़ता रहा। अब दुकान के अंदर के हालात ऐसे हैं कि बोरे गल चुके हैं और उनमें पनपे घुन व कीड़े अब आसपास के मकानों में घुस रहे हैं। स्थानीय लोग बदबू और कीड़ों से त्रस्त हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

आपूर्ति विभाग को कई शिकायतें दी हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दरअसल, गत 20 नवंबर को आपूर्ति विभाग की टीम नंद नगर सी-2 ब्लाक में स्थित इस दुकान की जांच करने पहुंची तो रिकार्ड में दर्ज 42.62 टन गेहूं के स्थान पर सिर्फ 12.65 टन ही मिला। वहीं, चावल 28.29 टन के स्थान पर सिर्फ 3.35 टन मिला और रिकाॅर्ड में दर्ज 0.157 टन चीनी मिली ही नहीं।
बीमारियों की चपेट में आ रहे

इसके बाद टीम ने इस दुकान को सील करते हुए कैंसिल भी कर दिया। इसके बाद से यहां मौजूद लगभग 12 हजार किलो गेहूं और तीन हजार किलो चावल दुकान में ही सड़ रहा है। आपूर्ति विभाग इस कदर लापरवाह हो गया है कि न सिर्फ हजारों किलो अनाज की बर्बादी हो रही है बल्कि लोग कीड़ों के चलते बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
रुपये निकाल ले गया, अनाज छोड़ गया

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से दुकान संचालक सीलिंग के दो दिन बाद आया और सील तोड़कर अंदर अपना गल्ला और रुपये निकाल ले गया। जिस मकान में नीचे यह दुकान है उसकी मालकिन सुदेश ने बताया कि उन्होंने कहा था कि अनाज भी निकाल लो लेकिन वह रुपये निकालकर ताला मारकर चलता बना।

दुकान सील करते हुए आपूर्ति विभाग ने भी यह नहीं सोचा कि जितना अनाज दुकान में बंद है उससे लगभग तीन हजार लोग एक माह तक भोजन कर सकते हैं। आपूर्ति विभाग एक व्यक्ति को पांच किलो प्रतिमाह अनाज देता है। ऐसे में 15 हजार किलो अनाज एक माह तक तीन हजार व्यक्तियों के काम आ सकता था।
कई शिकायतों के बाद भी कोई नहीं आया

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सीलिंग के कुछ दिन बाद ही अनाज सड़ना शुरू हो गया था। इसके बाद उन्होंने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मामले की शिकायत दी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने स्थानीय विधायक और आपूर्ति विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के कार्यालय में भी शिकायत दी। वहां से आश्वासन मिला था कि एक सप्ताह में अनाज हटवा देंगे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।


दुकान से बदबू आती है। कीड़े घर में घुस रहे हैं, बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं, देश की राजधानी में ऐसी लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।- श्याम सुंदर एक माह से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं। लगता है अधिकारियों को लोगों की सेहत से कोई मतलब नहीं।

-सुदेश

सरकारी अनाज सड़ रहा है और गरीबों को राशन के लिए लाइन लगानी पड़ती है। यह सीधी-सीधी लापरवाही है। संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

-महेश

अगर समय रहते अनाज हटाया जाता तो यह हालात नहीं होते। देश के कई इलाकों में लोग भूखे सोने को मजबूर हैं और यहां हजारों किलो अनाज सड़ रहा है।

-आशा

बोले जिम्मेदार


कोटे की दुकान कैंसल होने पर तुरंत उसमें रखे राशन को दूसरी दुकान में शिफ्ट किया जाता है। मामले की जांच करवाएंगे। अगर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

-अरुण कुमार झा, एडिशनल कमिश्नर, खाद्य आपूर्ति विभाग


यह भी पढ़ें- फरवरी में ही दिल्ली में बढ़ने लगी गर्मी, तापमान 30 डिग्री के पार; मंगलवार को कैसा रहेगा मौसम का हाल?   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162292