जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र में प्लाट कब्जे की नीयत से महिला चौकीदार की गोली मारकर शूटरों ने हत्या कर दी। उस समय महिला इफ्तारी के बाद प्लाट में बने आवास के बाहर बैठी थी। शूटरों ने गोली गले पर पिस्टल से सटाकर मारी।
गोली की आवाज सुनकर दौड़े महिला के बेटे और बेटी ने एक शूटर को दबोच लिया। जबकि एक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शूटर को हिरासत में ले लिया। महिला 15 साल से इसी प्लाट में चौकीदारी करती थी।
सिविल लाइंस के जिगर कालोनी निवासी अरमान पेट्रोल पंप स्वामी है। इनका मझोला थाने के पास समृद्धि विहार से सटा हुआ एक प्लाट है। प्लाट पर कुंदरकी के गांव ऊंचाकानी निवासी नन्हीं पिछले 15 साल से चौकीदारी कर रही थी। नन्हीं के पति अब्दुल हमीद की करीब 12 साल पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
झोपड़ी बनाकर रहती थी महिला
महिला अपने एक बेटे महबूब, इसकी पत्नी नजराना, पोते मोहम्मद आशिक और बेटी गुलशन साथ प्लाट में दूसरी साइड में झोपड़ी बनाकर रहती थी। सोमवार की शाम करीब सात बजे इफ्तारी के बाद मां नन्हीं अपने पोते मो. आशिक, धेवते हसन, धेवती सायरीन के साथ कमरे के बाहर बैठी थी। इसी दौरान दो शूटर प्लाट में घुस आए। उन्होंने आते से ही महिला से पूछा इफ्तारी में क्या बनाया है।
इसी दौरान एक शूटर ने पिस्टल महिला की गर्दन सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शूटर मौके से भागने लगे। इसी दौरान महबूब अपने गांव से वापस लौट रहा था जबकि उसकी बहन गुलशन मजदूरी करने के बाद दूध लेकर आ रही थी। महबूब ने पैदल भाग रहे एक शूटर का दूर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शूटर की धुनाई भी की। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
यह भी पढ़ें- नस्लीय टिप्पणी के बाद AIIMS की रेजिडेंट डॉक्टर से यौन हिंसा, 3 गिरफ्तार; ओरियन मॉल से एम्स गेट तक 1.5 KM किया पीछा
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि अरमान का इसी प्लाट को लेकर दूसरे पक्षों से विवाद चल रहा है। दूसरा पक्ष प्लाट पर कब्जा करना चाहता है, लेकिन महिला परिवार के साथ प्लाट में रहती है। इसी के चलते वह कब्जा नहीं कर पा रहे हैं। शुरुआती जांच में यही निकलकर सामने है कि प्लाट को कब्जा करने की नियत से महिला की गोली मारकर हत्या की गई है। शूटर से पूछताछ की जा रही है।  |
|