बीसीडी चुनाव के अंतिम दिन लगा जाम।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट परिसर में बार काउंसिल आफ दिल्ली (बीसीडी) चुनाव के अंतिम दिन कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अधिक रही। नतीजतन दिन भर कई मार्गों पर जाम लगने से वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोग जाम के झाम से जूझते रहे।
हालांकि स्थिति को संभालने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ लोकल पुलिस और पीसीआर स्टाफ के कर्मी तैनात रहे बावजूद इसके सुबह से ही दिल्ली हाई कोर्ट, भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगने लगीं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक बार काउंसिल आफ दिल्ली के 25 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान का अंतिम दिन था।
सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए, जिससे वैकल्पिक मार्गों पर दबाव बढ़ गया। इससे मथुरा रोड, इंडिया गेट सर्कल, तिलक मार्ग, सी-हेक्सागन आदि कई मार्ग सबसे अधिक प्रभावित रहे। इन मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाई गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो कर भैरों मार्ग स्थित ट्रैफिक पिट में भेजा गया।
बार काउंसिल चुनाव में मतदान के लिए आने वाले अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिड़ियाघर पार्किंग और नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर-5ए पर विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग को रोकना और यातायात को सुचारू बनाए रखना था। इसके बावजूद, दिनभर विभिन्न इलाकों में जाम की शिकायतें मिलती रहीं।
यह भी पढ़ें- रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, विमान में सवार 7 लोगों की मौत  |