ट्रेड डील रद्द कराने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने फूंका बिगुल (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। संयुक्त किसान मोर्चा ने अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। एसकेएम की बुधवार को कुरुक्षेत्र जाट धर्मशाला में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं।
बैठक में 9 मार्च से 13 अप्रैल तक देश भर में किसान महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत नौ मार्च को दिल्ली से होगी। इन बड़ी महापंचायतों को आयोजित करने का उद्देश्य लोगों में अमेरिका ट्रेड डील में प्रति जन-जागृति लाना है, ताकि किसान, मजदूर, व्यापारी और आमजन इसके विरोध में खड़ा हो और केंद्र सरकार को इसे रद करना पड़े।
राष्ट्रीय बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए एसकेएम नेता राकेश टिकैत ने कहा कि इस बैठक में सात राज्यों के किसान प्रतिनिधि आए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से देश का किसान और छोटा व्यापारी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब अमेरिका का सेब भारत में 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम बिकेगा तो हमारे देश का सेब कहां जाएगा। हमारे सेब उत्पादक किसान तो बर्बाद हो जाएंगे। इस तरह की डील से सिर्फ बड़े-बड़े कारपोरेट ही बच जाएंगे। आज हमने कुरुक्षेत्र से अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ लड़ाई छेड़ दी है  |