जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गोपालगंज में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के दो युवकों से कथित तौर पर शादी कराने के नाम पर करीब पांच लाख रुपये ऐंठ लिए गए। शादी के तुरंत बाद सोमवार की देर शाम दोनों युवक व उनके स्वजन के साथ मारपीट कर दुल्हनें बदमाशों के साथ फरार हो गईं। घटना के बाद पीड़ित स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जयपुर (सांगानेर) निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर निवासी प्रिंस शादी के इच्छुक थे। उनके घर के समीप रहने वाले एक दलाल ने बिहार में शादी कराने का झांसा दिया। आरोप है कि दलाल ने दोनों युवकों से दो-दो लाख रुपये नकद लिए। इसके अतिरिक्त शादी के खर्च के नाम पर पचास-पचास हजार रुपये और वसूल लिए।
सोमवार की सुबह दोनों युवक अपने स्वजन के साथ बस से गोपालगंज पहुंचे। बंजारी मोड़ से दलाल का एक सहयोगी उन्हें जादोपुर रोड स्थित एक मैरेज हाल में ले गया। वहां पहले से चार-पांच लोग मौजूद थे। भोजन के बाद दो युवतियों को बुलाया गया, जिन्होंने शादी के लिए सहमति जताई। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी संपन्न कराई गई और वर-वधू ने परिजनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
शादी के बाद दोनों युवक अपनी-अपनी दुल्हन के साथ आटो से बस स्टैंड के लिए रवाना हो गए। यहां से राजस्थान के लिए रवाना होना था। आरोप है कि जैसे ही आटो बंजारी मोड़ के पास पहुंचा, दो अपाची मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने आटो रोक लिया। दूल्हों के साथ मारपीट की गई और उनके पास रखा सामान छीन लिया गया।
इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी बाइक सवार युवकों के साथ फरार हो गईं। शादी के बंधन में बंधे दोनों दूल्हे ने अपनी अपनी दुल्हन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों दुल्हन भी फरार हो गई। घटना के बाद दोनों पीड़ित युवक नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया। नगर थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन जारी है। पीड़ित युवकों ने पुलिस पर लुटेरी दुल्हन व मैरेज हाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर मामले की जांच में जुटे है।
फर्जी शादी करा ठगी का चल रहा रैकेट
जिले के अलग-अलग जगहों पर फर्जी तरीके से दूसरे प्रदेश से लोगों को बुलाकर शादी कराने का कार्य किया जा रहा है। शादी के बाद दुल्हन या तो उनके साथ जाने से इंकार कर दे रही है। नहीं हो दूल्हे के साथ मारपीट करने कर दुल्हन को भगाने का कार्य किया जा रहा है। करीब एक सप्ताह पूर्व भी राजस्थान के एक अधेड़ से शादी कर किशोरी ने जाने से इंकार कर दिया था। इसको लेकर भी हंगामा हुआ था।  |
|