LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 741
मुजफ्फरपुर में मीट दुकानों को अल्टीमेटम। एआई जनरेटेड फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सरकार के निर्देश पर शहर में खुले में मीट-मछली बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को निगम प्रशासन की टीम सड़क पर माइक लेकर उतरी। मुनादी कर मीट-मछली दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
इन सभी को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद भी अगर नहीं सुधरे तो दुकान सील कर दुकानदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की बात कही गई।
निगम प्रशासन की टीम ने कंपनीबाग रोड, अखाड़ाघाट, सरैयागंज समेत शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर मुनादी की और दुकानदारों को सरकार के निर्देश से अवगत कराया।
कहा गया कि अगर खुले में मीट-मछली बेचते पकड़े गए तो बिहार नगरपालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। टीम को देखते ही कंपनीबाग रोड स्थित दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया। सभी ने तुरंत लाल व हरा रंग का पर्दा दुकान के आगे लगा लिया।
टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर अनिवार्य रूप से सभी दुकानों के आगे पर्दा लगा होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं पाया गया तो निर्धारित समय समाप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डर से दुकान बंद कर भाग निकले दुकानदार
निगम प्रशासन द्वारा मुनादी करने की जानकारी दुकानदार एक-दूसरे को मोबाइल पर काल कर देते रहे। वहीं, दुकानदारों के पास पर्दा था, उन्होंने तो आगे इसे लगा दिया, लेकिन जिनके पास नहीं था वे कार्रवाई के डर से मीट-मछली समेट दुकान बंद कर भाग निकले।
अवैध रूप से चल रहीं तीन हजार से अधिक दुकानें
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने भी पिछले दिनों निर्देश जारी किया था। कहा था कि विभाग के संज्ञान में यह भी आया कि अधिकतर मीट-मुर्गा व मछली की दुकानें बिना लाइसेंस के चल रही हैं या जिनके पास लाइसेंस है वे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
भीड़ वाले इलाके, शैक्षणिक संस्थान व धार्मिक स्थलों के पास भी इसकी बिक्री खुले में की जा रही है। ऐसे स्थलों से इन दुकानों को हटाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
शहर में तीन हजार से अधिक मीट-मछली की दुकानें अवैध रूप से चल रही हैं। अब इन सभी को नियमों का पालन करना होगा अन्यथा दुकान सील कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- बांका जिले में यहां बनेगा 7 किलोमीटर लंबा बाईपास, 8 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
यह भी पढ़ें- साहेबगंज-मानिकपुर फोरलेन निर्माण के बारे में अपडेट, स्कूल व आंगनबाड़ी शिफ्टिंग पर अटका काम  |
|