जागरण संवाददाता, महोबा। न डोली, न ही लग्जरी कार... दूल्हे ने अपनी दुल्हनिया की हेलीकॉप्टर से विदाई कराई तो इस पल का साक्षी बनने के लिए लोग उमड़े।
हेलीकॉप्टर जैसे ही आसमान के ऊपर मंडराया तो लोग एकत्र होने लगे और इसके जमीन पर उतरते ही सभी ने इसके साथ फोटो खिंचाई और सेल्फी भी ली।
औरेया के अजीतमल क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी निर्वेश राजपूत का विवाह मंगलवार को चरखारी थाना क्षेत्र के भटेवरा गांव के निवासी सपा नेता व पूर्व प्रधान दिनेश राजपूत की पुत्री आकांक्षा राजपूत के साथ विधि विधान से संपन्न हुआ।
हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई
दिनेश राजपूत वर्तमान में चरखारी के मुहल्ला ज्येंद्र नगर में रहते हैं। गोवर्धन नाथ जू मेला प्रांगण से धूमधाम से शादी संपन्न हुई और बुधवार की दोपहर दुल्हन की विदा हेलीकॉप्टर से हुई।
ऐसी विदाई देखने लोग उमड़ पड़े
इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लाेग उमड़े और हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी ली। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही अग्निशमन की टीम मौजूद रहीं।
दिनेश राजपूत के भाई रोहित ने बताया कि आकांक्षा बीकॉम की पढ़ाई कर रही है और उसके साथ ही भाई विनय है जो अभी 11वीं की पढ़ाई कर रहा है। हेलीकॉप्टर की व्यवस्था वर पक्ष के लाेगों द्वारा की गई है।  |
|