संवाद सूत्र, तिलोई (अमेठी)। सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग के पूरे भुलैया तिराहा से वाया जैतपुर लोढ़ाबाग, अहोरवा भवानी-हैदरगढ़ संपर्क मार्ग के कैथन पुरवा से भटखेड़ा ( हैदरगढ़) स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग तक साढ़े 14 किमी सड़क संकरी है। इसके साथ ही कई स्थानों पर जलभराव के चलते बरसात के दिनों में सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। समस्या का समाधान करने के लिए जल्द ही जल भराव प्रभावित क्षेत्र की सड़क का तीन मीटर की चौड़ाई से पांच मीटर चौड़ीकरण कराया जाएगा।
सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग पूरे भुलैया तिराहा से लोढ़ाबाग, अहोरवा भवानी-हैदरगढ़ संपर्क मार्ग सिंहपुर के पश्चिमोत्तर क्षेत्र को ब्लाक और तहसील मुख्यालय से जोड़ने का मुख्य मार्ग है। यह मार्ग नीचा होने के चलते बरसात के दिनों में इन्हौना ड्रेन से समुचित जल निकासी न होने से मदहा झील में होने वाला जलभराव अहोरवा भवानी हैदरगढ़ सड़क को प्रभावित करता रहता है।
पूरे भुलैया तिराहा से जैतपुर लोढ़ाबाग पूरे कैथन से लौली, पूरे रिसालदार, पूरे बरमाल, हथरोहना, नगिया मऊ, हिंदू का पुरवा, धरगही गांव हैदरगढ़ बार्डर तक साढ़े 14 किमी मार्ग पर कई स्थानों पर पानी चढ़ जाता है। डामरीकृत पटरी पूरी तरह खराब हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है।
50 हजार की आबादी हो रही प्रभावित
पूरे भुलैया तिराहा, सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग से लोढ़ाबाग, अहोरवा भवानी-हैदरगढ़ मार्ग क्षेत्र का अति महत्व पूर्ण मार्ग है। इस मार्ग से प्रत्येक सोमवार को क्षेत्र ही नहीं बाराबंकी के बड़ी संख्या में भक्त मां अहोरवा देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। साथ ही ब्लाक मुख्यालय सिंहपुर, राजकीय बीज गोदाम, आधा दर्जन विभिन्न बैंकों के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील और स्वशासी मेडिकल कालेज पहुंचने का यही मुख्य मार्ग है। इस मार्ग के निर्माण से लगभग 50 हजार की आबादी को सीधे फायदा होगा।
राज्यमंत्री के निर्देश के क्रम में सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग के पूरे भुलैया तिराहा से लोढ़ाबाग स्थित अहोरवा भवानी हैदरगढ़ संपर्क मार्ग के पूरे कैथन से लौली होते हुए साढ़े 14 किमी मार्ग का चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। जल्द विभाग को भेजा जाएगा।- रमेशचंद्र, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
सात किलोमीटर मार्ग संकरा और निचला होने के चलते जलभराव से क्षतिग्रस्त होता रहता है। जिसकी शिकायत क्षेत्र भ्रमण के दौरान क्षेत्रवासी करते रहते हैं। जनहित को देखते हुए हैदरगढ़-सेमरौता मार्ग, भुलैया पुरवा तिराहा से जैतपुर होते हुए लोढ़ा बाग अहोरवा भवानी हैदरगढ़ मार्ग का कैथन पुरवा से भटखेड़ा ( हैदरगढ़) स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग तक साढ़े 14 किमी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी को प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।- मयंकेश्वर शरण सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री  |
|