LHC0088 • Yesterday 22:27 • views 397
एमएमसीएच में घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस।
संवाद सूत्र, जागरण, रमकंडा (गढ़वा)। गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजका बाजार में बुधवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। अज्ञात अपराधियों ने बाजार में सब्जी बेच रहे एक युवक को सरेआम तीन गोलियां मार दीं।
गोली सब्जी विक्रे सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायल अवस्था में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दीपक चौधरी के रूप में हुई है, जो गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के फकीराडीह गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार दीपक बिजका बाजार में सब्जी बेचने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शाम करीब साढ़े छह बजे एक अज्ञात व्यक्ति बाजार में पहुंचा और अचानक दीपक पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार वालों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।  |
|