गिरिडीह कोर्ट में बुधवार को पेशी के दाैरान शमीम को गोली मारने का आरोपी शिवम श्रीवास्तव।
जागरण संवाददाता, धनबाद। गिरिडीह नगर निगम चुनाव में गिरिडीह में हुई गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से जख्मी मोहम्मद शमीम बुधवार दोपहर असर्फी अस्पताल में अंतिम सांसें ली। मौत की सूचना के बाद गिरिडीह के भंडारीडीह में रह रहे स्वजनों व शुभचिंतकों में मातम पसर गया। काफी संख्या में लोग गिरिडीह से धनबाद पहुंचे।
अशर्फी अस्पताल से शमीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच लाया गया। इसके साथ भूली थाना की पुलिस, धनबाद थाना और सरायढेला थाना की पुलिस भी पहुंची। देर शाम पोस्टमार्टम कर स्वजनों को शव सौंप दिया गया।
गले में फंसी रह गई गोली, नहीं आया होश
23 फरवरी को चुनावी झड़प के बाद शमीम के गले में गोली लगी थी। इसके बाद से ही शमीम होश में नहीं था। अशर्फी अस्पताल लाने पर वह वेंटिलेटर पर ही रहा। उसे होश में लाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन सभी कोशिश बेकार साबित हुए।
आखिरकार डाक्टरों ने दोपहर दो बजे मृत घोषित कर दिया। उसके गले में ही गोली फंसी रही, बाद में पोस्टमार्टम के दौरान गोली निकाली गई। वहीं गंभीर रूप से जख्मी मो. असलम का एसएनएमएमसीएच के इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। उसके पैर में गोली लगी थी। हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।  |