सनी का फाइल फोटो और कोलावल मौरंग खदान में पोकलेन के अंदर उसके चालक सनी की गोली मारकर हत्या करने के बाद घटनास्थल की जांच करती पुलिस
जागरण संवाददाता, बांदा। मौरंग खदान में पोकलेन के चालक (ऑपरेटर) की आंख में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे नदी किनारे शव को ड्राइविंग सीट में छोड़कर फरार हो गए। शव देखकर खदान कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। दिवंगत हुए चालक के पिता ने तहरीर देते हुए पोकलेन में साथ काम करने वाले हेल्पर पर इलाज के रुपयों के विवाद में साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का शक जताया।
जिसमें पुलिस ने संदिग्धता के आधार पर हेल्पर व उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। खदान में काम करने वाले आधा दर्जन कर्मियों व मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
महोबा जिले के ग्राम सिरसीकला अमृतपुर निवासी चालक 20 वर्षीय सनी उर्फ सोनीपाल गिरवां थाना के ग्राम कोलावल मौरंग खदान में पिछले तीन माह से लखनऊ के सुरेंद्र सिंह की पोकलेन चलाता था। मंगलवार की रात वह खदान में मशीन से ट्रकों में मौरंग लोड कर रहा था। उसे रात करीब दो बजे तक मजदूरों ने काम करते देखा। इसके बाद रात करीब दो बजे चालक सनी की दाहिनी आंख में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हत्यारे वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। मजदूरों ने सोचा कि सनी पोकलेन में सो रहा होगा। लेकिन सुबह करीब पौने छह बजे जब मजदूर उसे जगाने गए तो देखा कि उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद खदान कर्मियों को मामले की जानकारी दी गई।
सीओ नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी व गिरवां थाना निरीक्षक सुरेश सैनी ने घटनास्थल की जांच की। दिवंगत हुए चालक के स्वजन को फोन से घटना की सूचना दी। चालक के पिता लल्लू पाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उनके बेटे के हेल्पर मोहित निवासी हमीरपुर का पैर पोकलेन बैक करते समय चैन के नीचे आने से जख्मी हो गया था।
जिसका उन्होंने इलाज भी कराया था। लेकिन वह इलाज के लिए और रुपयों की मांग कर रहा था। उन्हें शक है कि हेल्पर मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर दी है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि पिता की तहरीर पर शक के आधार पर हेल्पर मोहित को हत्या के मामले में नामजद व साथियों के विरुद्ध अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खदान के कर्मियों व आधा दर्जन मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्यारे को गिरफ्तार करने के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही घटना का राजफाश किया जाएगा। उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिवंगत चालक के आंख के अंदर 315 बोर असलहे की गोली फंसी मिली है।
यह भी पढ़ें- किराए के कमरे में बच्चों के साथ ग्रुप सेक्स करता था जेई कपल, चीख निकलने पर टीवी की आवाज तेज कर देती थी पत्नी  |
|