लिफ्ट में फंसे तीन लोगों की बचाई गई जान। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका सेक्टर-11 स्थित मार्केट में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। अक्षरधाम अपार्टमेंट के ठीक सामने स्थित पंकज आर्केड मार्केट की एक लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण पहले और दूसरे फ्लोर के बीच फंस गई। लिफ्ट के अंदर तीन युवक करीब 2 घंटे तक फंसे रहे, जिन्हें दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस ने लिफ्ट को कटर से दरवाजे को काटकर और हथौड़ों से दीवार तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, लिफ्ट में फंसे तीनों युवकों की पहचान विवेक (26), प्रभात (30) और हर्ष (22) के रूप में हुई है। ये तीनों द्वारका मोड़ के पास स्थित भगवती गार्डन और अमराई गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला कि इन युवकों ने पंकज आर्केड के दूसरे फ्लोर पर एक दुकान किराए पर ली है। मंगलवार देर रात तक वहां रेनोवेशन (मरम्मत) का काम चल रहा था। काम खत्म करने के बाद करीब 3:00 बजे जब वे लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी लिफ्ट बीच में ही अटक गई।
लिफ्ट फंसने के बाद युवकों ने उसे खोलने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बंद लिफ्ट के अंदर हवा कम होने और घबराहट बढ़ने के कारण उन्हें अपना दम घुटता हुआ महसूस होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने करीब 20 मिनट बाद किसी तरह कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। जिसके बाद यह सूचना पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को दी गई।
सूचना मिलते ही 01 वाटर टेंडर और 01 क्यूआरवी मौके पर पहुंचीं और स्टेशन ऑफिसर मुकुल के नेतृत्व में 10 से ज्यादा फायर कर्मियों ने मोर्चा संभाला। लिफ्ट फर्स्ट और सेकंड फ्लोर के बीच फंसी थी। फायर कर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर से लिफ्ट के गेट को काटा और हथौड़े की मदद से बाधाओं को हटाकर रास्ता बनाया।
सुबह करीब 05:25 बजे यह रेस्क्यू आपरेशन सफलतापूर्वक समाप्त हुआ और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तड़के का समय होने के कारण मार्केट खाली था, जिससे मदद पहुंचने में समय लग सकता था, लेकिन समय रहते सूचना मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया। फायर अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तीनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- यमुना विहार में डेढ़ साल से बदहाल लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, लोग परेशान; जल्द निर्माण की आस  |
|