आरोपित अधिकारी भूपेंद्र पांडेय।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। सीधी जिले में गुरुवार को लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए सहायक परियोजना भू-अर्जन अधिकारी भूपेन्द्र पांडेय को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह ट्रैप कार्रवाई भू-अर्जन शाखा कार्यालय में अंजाम दी गई।
मुआवजे में मांगा आधा हिस्सा
बता दें कि शिव बहोर तिवारी निवासी सदला ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) फोरलेन सड़क चौड़ीकरण में उसकी भूमि अधिग्रहित हुई है। कुल 27 लाख रुपये के मुआवजे में से 50 प्रतिशत यानी करीब 13.50 लाख रुपय राशि देने की मांग संबंधित अधिकारी द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि एक लाख रुपये पूर्व में एडवांस के रूप में लिए जा चुके थे, जबकि जबकि दूसरी किश्त के रूप में एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
यह भी पढ़ें- बहाली की फाइल पर ‘मोबाइल घूस’: कटनी जिला पंचायत में लिपिक 5 हजार रुपये लेते ट्रैप, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
ऐसे बिछाया जाल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपित को पकड़ने के लिए सुनियोजित ढंग से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे तत्काल रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य और दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
लोकायुक्त थाना प्रभारी एसआर मरावी ने ट्रैप की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत प्रमाणित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।  |
|