मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री मुग्धा गोडसे ने कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है। हिंदी फिल्मों के साथ-साथ वह क्षेत्रीय सिनेमा से भी जुड़ती रही हैं, और अब वह अपनी मराठी फिल्म 'फ्रेम' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का हिस्सा बनने के अनुभव को उन्होंने बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में उनका किरदार भले ही छोटा है, लेकिन पूरी टीम ने उन्हें इतना अपनापन दिया कि उन्हें बिल्कुल घर जैसा महसूस हुआ।
मुग्धा गोडसे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं और फिल्म 'फ्रेम' से जुड़ी यादों को फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने लिखा कि इस शानदार मराठी फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि प्रोजेक्ट को बहुत सोच-समझकर और शानदार तरीके से तैयार किया गया है।
मुग्धा ने अपने पोस्ट में लिखा, ''मराठी फिल्म 'फ्रेम' का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी। यह फिल्म बहुत सोच-समझकर और शानदार तरीके से बनाई गई है। मेरे पसंदीदा नागराज मंजुले और अमेय को ढेर सारा प्यार। मेरा योगदान भले ही छोटा रहा हो, लेकिन आप सभी ने मुझे घर जैसा महसूस कराया। आगे भी ऐसे ही शानदार काम करते रहें। पूरी टीम को बधाई और धन्यवाद।''
अभिनेत्री ने इससे पहले फिल्म में अपने खास किरदार को लेकर खुशी जाहिर की थी। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि मराठी संस्कृति और भाषा उनके जीवन का अहम हिस्सा है, इसलिए इस फिल्म से जुड़ना उनके लिए भावनात्मक रूप से भी खास रहा।
मुग्धा ने कहा था, ''मैं एक मराठी लड़की हूं। मेरा जन्म और पालन-पोषण पुणे में हुआ है, इसलिए मराठी भाषा और संस्कृति मेरे खून में है। जब रंजीत ने मुझे फोन करके इस फिल्म का प्रस्ताव दिया तो मैं बहुत खुश हुई। विक्रम जैसे प्रतिभाशाली निर्देशक के साथ काम करना किसी भी कलाकार के लिए खास मौका होता है।''
मुग्धा ने आगे कहा था कि वह भविष्य में भी मराठी सिनेमा में काम करना चाहती हैं। क्षेत्रीय सिनेमा की कहानियों में एक अलग गहराई और सच्चाई होती है, जो कलाकारों को नए अनुभव देती है।
फिल्म 'फ्रेम' का निर्देशन विक्रम पटवर्धन ने किया है। यह फिल्म दो कलाकारों की जिंदगी और उनके बनाए गए फ्रेम्स के पीछे छिपी अनकही कहानियों को दिखाती है।
'फ्रेम' को 59वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कारों में कई सम्मान मिले हैं। इसके अलावा, फिल्म का आधिकारिक चयन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) 2022 के लिए भी किया गया था।

DB Desk
Mugdha GodseDespite the small roleeveryone made me feel right at homeEntertanment News
Next Story |