संवाद सहयोगी, चंदौसी। साइबर ठग ने प्राइवेट शिक्षक के मोबाइल को हैक करके उनके बैंक खाते से 25692 रुपये उड़ा दिए हैं। यह ठगी इंटरनेट से मोबाइल एप डाउन लोड करने के चक्कर में हुई है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
चंदौसी के मुहल्ला लोधियान के दिनेशचंद्र रस्तोगी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते हैं। बिसौली गेट स्थित बीएनबी शाखा में उनका अकाउंट है। उन्होंने बताया कि कई दिन से वह इंस्टाग्राम के माध्यम से पीएनबी वन एप का एड देख रहे थे। बुधवार को एप डाउन लोड करने के लिए गूगल पर सर्च किया।
तभी कुछ देर बाद उनके नंबर पर साइबर ठग की फोन आया। उसने एप के बारे में जानकारी दी। साथ ही लिंक भेजकर एप डाउन करने के लिए बोला। जैसे ही मोबाइल पर उन्हें लिंक मिला और उसे क्लिक करने पर एक फार्म दिखाई दिया।
इसके बाद ठग ने उन्हें अपने अपनी बातों में उलझाकर बताए अनुसार डिटेल भरने को कहा। जब उन्होंने अपने खाते संबंधित डिटेल भरी, तभी मोबाइल हैक होना शुरू हो गया। इसके बाद उनके खाते से 25 हजार रुपये कटने का मैसेज प्राप्त हुआ।
यह देख उनके होश उड़ गए, उन्होंने तत्काल अपने खाते में पड़ी शेष नौ हजार रुपये की धनराशि को दूसरे खाते में ट्रांसफर किया। इसी बीच ठग 692 रुपये और उड़ा दिए। पीड़ित तुरंत बैंक पहुंचे और प्रबंधक को जानकारी दी। वहां बताया गया कि उनके अकाउंट से आनलाइन शापिंग की गई है।
इस बारे में गुरुवार को पीड़ित ने चंदौसी कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अनुज तोमर ने बताया कि साइबर ठगी का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। |
|