LHC0088 • Yesterday 11:26 • views 239
जागरण संवाददाता, कोडरमा। कोडरमा की सियासत में अगले माह बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है। 5 फरवरी को झामुमो सुप्रीमो और प्रदेश के मुख्यमंत्री का आगमन कोडरमा में तय हुआ है। इसी दिन कोडरमा जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष शालिनी गुप्ता झामुमो पार्टी में शामिल होंगी।
इससे पहले 27 जनवरी को शालिनी गुप्ता कोडरमा में अपने समर्थकों के लिए समर्थक मिलन समारोह का आयोजन कर अपने राजनीतिक अभियान की तैयारी शुरू करेंगी।
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता। फाइल फोटो
शालिनी गुप्ता वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरी थीं। इस चुनाव में उन्होंने पहले और दूसरे स्थान पर रहे उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर दी थी और 70 हजार से अधिक मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रही थीं।
इससे उनका राजनीतिक कद काफी मजबूत हुआ है। इससे पूर्व 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट न मिलने पर शालिनी आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ी थी और 45 हजार से अधिक वोट लेकर तीसरे स्थान पर रही थीं।
गुप्ता के आने से पार्टी को मिलेगी ताकत
इस तरह बीते 10 वर्षों में कोडरमा की राजनीति में दबदबा रखने वाले बहुसंख्यक यादव समाज के गढ़ में अन्य पिछड़ा (वैश्य) समुदाय से आने वाली शालिनी गुप्ता एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरी हैं। पिछले दोनों विधानसभा चुनावों में पहले और दूसरे स्थान पर यादव उम्मीदवार रहे थे।
2024 में भाजपा की नीरा यादव विजेता और राजद के सुभाष यादव दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की डॉक्टर नीरा यादव पहले एवं राजद के अमिताभ चौधरी दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं वर्ष 1990 से 2024 तक कोडरमा विधानसभा में पहले स्व. रमेश प्रसाद यादव, फिर अन्नपूर्णा देवी और बाद में नीरा यादव विधायक रही हैं।
अन्नपूर्णा देवी अब भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री हैं। झामुमो के लिए कोडरमा में अब तक कोई विशेष जनाधार नहीं रहा है। पार्टी अब शालिनी गुप्ता को शामिल कर अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करना चाहती है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह कदम क्षेत्र में वैकल्पिक और विपक्षी राजनीति को नई दिशा देगा।
चार बार की विधायक और दो बार की सांसद अन्नपूर्णा देवी और तीन बार की विधायक नीरा यादव जैसे मजबूत महिला नेत्रियों के दबदबा के बीच शालिनी गुप्ता का प्रदेश में सत्तासीन झामुमो में आना राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़ी करवट हो सकती है।
विपक्षी राजनीति के लिए निर्णायक मोड़
शालिनी के समर्थकों का कहना है कि शालिनी गुप्ता का सत्तासीन पार्टी झामुमो में शामिल होना क्षेत्र की राजनीति में \“नई विकल्प\“ पैदा करेगी।
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, शालिनी गुप्ता का यह कदम न केवल उनके व्यक्तिगत राजनीतिक कद को बढ़ाएगा, बल्कि कोडरमा विधानसभा क्षेत्र में विपक्षी गठबंधन और वैकल्पिक राजनीति के लिए निर्णायक मोड़ साबित होगा।
झामुमो के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कार्यक्रम आगामी 5 फरवरी कोडरमा में तय है, इसी दिन शालिनी गुप्ता अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होंगी।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे पर, टूट गई गणतंत्र दिवस पर झारखंड की स्थापित एक परंपरा
यह भी पढ़ें- Republic Day 2026: CM हेमंत सोरेन ने दुमका में नहीं फहराया झंडा, बीजेपी ने बताया संविधान का अपमान
यह भी पढ़ें- Republic Day 2026: झारखंड में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फहराया झंडा, CM सोरेन की अनुपस्थिति पर उठे सवाल |
|