search

फाजिल्का में गूंजा राष्ट्रगान, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने फहराया तिरंगा; शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

LHC0088 2026-1-26 11:26:30 views 798
  

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, फाजिल्का। फाजिल्का में 76वें गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह सोमवार सुबह परंपरागत गरिमा के साथ शुरू हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा सबसे पहले बलिदानी आसफवाला स्मारक पर पहुंचकर बलिदानियों को नमन करने से हुई। इसके बाद वह बलिदानी भगत सिंह खेल स्टेडियम पहुंचे, जहां हजारों नागरिकों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में डूब गया।

स्टेडियम में पहुंचते ही उन्होंने 9:58 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत परेड को राज्यपाल ने सराहा। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए पंजाब के विकास, सीमाई सुरक्षा, युवाओं और किसानों की भूमिका पर विस्तृत संदेश दिया।

पंजाब पुलिस की महिला व पुरुष टुकड़ियों सहित विभिन्न दलों ने अपनी सटीक तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। समारोह के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं विशेष रूप से नजर आईं। लगभग दो हजार कुर्सियों के अलावा बड़े पैमाने पर टैंट लगाए गए। लोगों की एंट्री स्टेडियम के दूसरे गेट से करवाई गई, जबकि मुख्य द्वार सिर्फ पैदल आने वालों के लिए रखा गया।

फाजिल्का में राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने शहर से लेकर सरहदी गांवों तक कड़े प्रबंध किए। जिले में करीब 1400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि दस टीमें लगातार गश्त पर हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सरकारी कार्यालयों और मुख्य बाजारों में जांच अभियान जारी रहा।

हाईवे पर 21 स्थानों पर नाकाबंदी कर हर वाहन की बारीकी से जांच की गई। होटलों को बाहर से आने वाले लोगों की पूरी जानकारी पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। डीजीपी के निर्देश पर सरहदी गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया गया।

गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन को विशेष बनाने के लिए फाजिल्का शहर को तिरंगे की रोशनी से जगमग कर दिया गया है। डीसी कार्यालय से लेकर फ्लाईओवर तक तिरंगे रंग की एलईडी लाइटें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

ऐतिहासिक घंटाघर की सजावट लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही है, जबकि शास्त्री चौक और विजय स्तंभ चौक पर की गई लाइटिंग शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रही है। नगर कौंसिल ने न सिर्फ सजावट पर ध्यान दिया, बल्कि सफाई को लेकर भी विशेष अभियान चलाया है, ताकि शहर आगंतुकों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़े।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167126