deltin33 • 2025-10-13 15:06:40 • views 1269
प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकतर हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून लौट चुका है। ऐसे में अब बारिश की संभावना कम है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। इससे सुबह-शाम हल्की ठंड बढ़ेगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान रहेगा सामान्य से कम
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम में शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। सतही स्तर पर शुष्क पछुआ व उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
सुबह-शाम हल्की ठंड बढ़ेगी, अब प्रदेश में बारिश की संभावना है कम
रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान अयोध्या व सोनभद्र के चुर्क में सबसे कम 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान कानपुर नगर में सबसे कम 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ के अधिकतम तापमान में भी कमी आई है। अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस कम होकर 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में भी 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। |
|