LHC0088 • 2025-11-17 18:08:03 • views 1171
विधायक विनय कुमार सिंह। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, सोनपुर। सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि अगले पांच वर्षों में सोनपुर को ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। अगले छह माह के अंदर सोनपुर में हजारों करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने (MLA Vinay Kumar Singh) दावा किया कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार देश का विकसित राज्य बन जाएगा। वे रविवार को सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहर नाथ मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि एनडीए को मिला प्रचंड बहुमत उसके विकास कार्यों का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धियां घर-घर तक पहुंचीं, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखा।
उन्होंने कहा कि जनता महागठबंधन के झांसे में नहीं आई, क्योंकि जिसने जंगल राज देखा है वह जानता है कि उनके शासनकाल में क्या होता है। उन्होंने महागठबंधन नेताओं द्वारा ईश्वर का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो भगवान की सत्ता को नकारते हैं, वह लोग नष्ट हो जाते हैं।
इस दौरान उन्होंने लोक सेवा आश्रम के संत विष्णु दास उदासीन मौनी बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे राधा-कृष्ण मंदिर और लोक सेवा आश्रम भी गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोनपुर मेले में बिहार पुलिस की प्रदर्शनी आज से, डीजीपी करेंगे उद्घाटन
सोनपुर मेला इस वर्ष नई पहल का साक्षी बन रहा है। पहली बार पुलिस विभाग की ओर से अपराध-निरोध, जनसुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है, जो मेले में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। सोमवार को बिहार के पुलिस प्रमुख विनय कुमार इस प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में पुलिस विभाग की नई कार्यशैली और सुविधाओं से जुड़ी कई रूपरेखाएं प्रस्तुत की गई हैं। यातायात थाना, आदर्श थाना, महिला थाना और अनुसूचित जाति-जनजाति थाना भवन के नए स्वरूप को मॉडल के रूप में प्रदर्शित किया गया है।
इन माडलों के जरिए आगंतुकों को बताया जा रहा है कि आधुनिक पुलिसिंग किस तरह तकनीकी संसाधनों और बेहतर ढांचे की मदद से अधिक संवेदनशील व प्रभावी बन रही है। साथ ही यह भी समझाया जा रहा है कि नए थानों में नागरिकों के अनुकूल वातावरण, त्वरित सेवा और शिकायत प्रक्रिया को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस विभाग की यह शिक्षाप्रद और आधुनिक प्रदर्शनी मेले में लोगों की भीड़ को लगातार आकर्षित कर रही है। आगंतुक यहां न केवल पुलिसिंग की नई प्रणाली को समझ पा रहे हैं, बल्कि कानून व्यवस्था, सुरक्षा और अपराध-निरोध से जुड़े कई पहलुओं की उपयोगी जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं। इससे लोगों में जागरूकता के साथ-साथ सहभागिता बढ़ने की उम्मीद है। |
|