उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा। जागरण आर्काइव
डिजिटल डेस्क, पटना। भूमि से जुड़े मामलों के निदान के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने आवास पर शुक्रवार को भूमि सुधार जन कल्याण संवाद शुरू किया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंंने चेतावनी देते हुए कहा कि गलत तरीके से जमीन के कागजात तैयार करने वाले भी बचेंगे नहीं। जिन लोगाें ने झूठे या फर्जी पेपर से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी या अन्य कार्य कराया है, यदि इसका सबूत है तो उपलब्ध कराएं। हमारी टीम उसकी जांच करेगी।
जरूरत पड़ेगी तो स्थल परउड़नदस्ता के रूप में जाकर देखेगा। झूठे फर्जी पेपर लगाकर विभाग या न्यायालय के समय को बर्बाद करने वालों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पटना में सप्ताह में दो दिन होगा आयोजन
मौके पर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे थे।उन्हें डिप्टी सीएम ने कहा कि जमीन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है।
संवाद के दौरान शिकायतों का ऑन द स्पॉट भी निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना से शुरू होकर यह हर जिले में आयोजित होगा। एक राउंड के बाद पटना में नियमित रूप से सप्ताह में एक या दो दिन वे स्वयं, प्रधान सचिव या पदाधिकारी बैठेंगे और समस्याएं सुनकर उनका निदान करेंगे।
गोपनीय तरीके से भी कर सकते हैं आवेदन
विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में लोगों से अपील की कि कर्मचारी या अधिकारी से वाद विवाद नहीं करना है। यदि कोई गंभीर समस्या है तो गोपनीय तरीके से भी उन्हें आवेदन दिया जा सकता है।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा- हम भौकाल नहीं बनाते। भौकाल से भय पैदा होता है। बीमारी बढ़ती है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार सहकार और सरोकार से समस्याओं का निदान करती है।
उपमुख्यमंत्री के अनुसार दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी, जन शिकायत, भूमि विवाद, अतिक्रमण, भूमि पोर्टल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से कहा है कि वे किसी भी समस्या के लिए पहले अंचल और थाने में शिकायत करें। इसके बाद मामला एसडीओ और डीएम तक पहुंचाएं। वहां भी समाधान नहीं मिले तो मंत्री स्तर पर मामले का निपटारा किया जाएगा। |