deltin33 • 2025-12-13 17:07:26 • views 1041
1991 में महज 27 वर्ष की उम्र में बन गए थे महराजगंज के सांसद। जागरण
विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। साढ़े तीन दशक से अधिक के राजनीतिक सफर में भाजपा में निष्ठा से जुड़े रहने का इनाम महराजगंज के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को मिलने जा रहा है। सियासी हवा का रुख चाहे जितना विपरीत रहा हो, पंकज चौधरी मजबूती से भाजपा के साथ खड़े रहे। कार्यकर्ताओं का संबल बने तो तराई के इस जिले में पार्टी का जनाधार बढ़ता चला गया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसी की देन रही कि लगातार नौ बार भाजपा ने भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया। 1999 और 2009 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दें तो 1991 से लेकर 2024 तक हुए सभी चुनावों में अपने कुशल रणनीतिक कौशल से वह विजय श्री हासिल करने में कामयाब रहे। 1989 में नगर निगम गोरखपुर के पार्षद व उप सभापति चुने जाने के बाद अपने सियासी सफर में उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
1991 में जब भाजपा ने उन्हें महराजगंज संसदीय क्षेत्र से टिकट दिया ताे कुर्मी बहुल इस जिले में जातीय समीकरण भी उनके पक्ष में बैठ गया। जिसके चलते महज 27 वर्ष की उम्र में वह सांसद बन देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंच गए। कार्य करने का माैका मिला तो देखते ही देखते उनका जनाधार बढ़ता गया।
विपक्ष के हर सियासी चक्रव्यूह के मुकाबले उनका सहज व सरल व्यक्तित्व भारी पड़ा। 2024 में हुए आम चुनाव में पहली बार उन्हें अपने गढ़ में चुनौती मिली। कांग्रेस गठबंधन ने उनके स्वजातीय फरेंदा के विधायक वीरेंद्र चौधरी को मुकाबले में खड़ा कर दिया तो पहली बार कुर्मी,पटेल व सैंथवार मतदाताओं में बंटवारा देखने को मिला।
इसके बाद भी पंकज चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी को 35451 मतों से पराजित कर अपने राजनैतिक कौशल आम जन में अपनी लोकप्रियता का परिचय दिया। इसी के साथ ही उन्होंने चुनावी जीत की दूसरी हैट्रिक लगाते हुए महराजगंज लोकसभा क्षेत्र में सातवीं बार कमल खिलाया।
यह भी पढ़ें- UP BJP President News: 200 मीटर पैदल चलकर पंकज चौधरी के घर गए थे पीएम मोदी, अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे
जिला पंचायत पर भी बरकरार है कब्जा:
राजनीति के इस सफर में महराजगंज लोकसभा के साथ ही जिला पंचायत पर भी उनका कब्जा इसके स्थापना काल से ही बरकरार है। यहां तक कि सपा व बसपा के शासन काल में भी उन्हें कोई डिगा नहीं सका। महराजगंज जिला पंचायत के अस्तित्व में आते ही पंकज चौधरी के बड़े भाई स्वर्गीय प्रदीप चौधरी प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष बने। उसके बाद दो बार लगातार पंकज चौधरी की माता उज्ज्वल चौधरी जिला पंचायत की अध्यक्ष रहीं। यहां वहीं व्यक्ति जिला पंचायत अध्यक्ष बना जिसके सिर पर पंकज चौधरी का हाथ रहा है।
प्रोफाइल
नाम-पंकज चौधरी
जन्मतिथि-15 नवंबर 1964
शिक्षा- स्नातक
पिता-भगवती प्रसाद चौधरी
माता-उज्जवल चौधरी
पत्नी-भाग्यश्री चौधरी
व्यवसाय- उद्योग व कृषि
राजनीतिक सफर
1989 में नगर निगम गोरखपुर के पार्षद व उप सभापति चुने गए।
1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 व 2024 में महराजगंज से सांसद बने।
1999 और 2009 के लोकसभा चुनाव में पराजित हुए।
2021 में मोदी सरकार के दूसरे व 2024 में तीसरे कार्यकाल में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री बने।
 |
|