तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। इन दिनों आधार कार्ड अपडेट करवाना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे दौर में जब आधार लगभग सभी सेवाओं के लिए अनिवार्य हो गया है, तब आधार अपडेट न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। और आधार अपडेट करवाने में उनके पसीने छूट रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शहर के ज्यादातर आधार अपडेट सेंटरों में लोगों को एक से दो महीने बाद की तारीख मिल रही है। वहीं तहसील में प्रतिदिन लगभग 100 लोगों का आधार अपडेट हो रहा है, जिसके लिए वहां जबरदस्त भीड़ लग रही है।
आधार अपडेट करवाने के लिए तहसील में सुबह करीब पांच बजे से लोगों का आना शुरू हो रहा है। वे 10 बजे तक आधार सेंटर खुलने का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि करीब 10.30 बजे के समय आधार अपडेट के लिए फार्म लिए जा रहे हैं। तब तक इतनी भीड़ हो रही है कि सभी लोगों का आधार अपडेट फार्म भी जमा नहीं हो पा रहा है। इसके बाद आने वाले लोगों के फार्म तक नहीं जमा हो पा रहे हैं।
इस वजह से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। अपना फार्म पहले जमा कराने के लिए लोगों के बीच बहस भी हो रही है। सुबह पांच बजे से आए लोगों का आधार अपडेट के लिए नंबर आने में छह से सात घंटे तक लग जा रहे हैं। वहीं मंगलवार को तहसील में आधार अपडेट करवाने आई एक लड़की को चक्कर भी आ गया, जिसके बाद उसका भाई उसे घर लेकर चला गया।
यह भी पढ़ें- Nainital News: बनभूलपुरा क्षेत्र में 70 से 87 प्रतिशत बिजली चोरी, प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश
जरूरी काम अटक रहे
आधार कार्ड अपडेट करने के लिए आने वाले लोगों में ज्यादातर राशन कार्ड का सत्यापन अटकने की चलते आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त बैंक खाता खोलने, पेंशन, सिम कार्ड लेने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोग बोले
अपने दो बच्चों का आधार अपडेट करवाने के लिए आई हूं। सुबह सात बजे आ गए थे, दोपहर एक बजे गए हैं लेकिन अब तक नंबर नहीं आया है। - नूरजहां
सुबह 9.30 बजे आ गया था। पहले से भीड़ थी तो फार्म जमा नहीं हो पाया। अब कहा जा रहा है कि कल आना, आज फार्म जमा नहीं हो पाएगा। - राजकुमार
आधार अपडेट नहीं होने से पीएफ खाता खुलवाने में परेशानी हो रही है। पोस्ट आफिस में भी भीड़ थी, फिर तहसील आया यहां भी वैसे ही हाल हैं। - विपिन बोरा
सुबह 5.30 बजे आ गया था। तब यहां करीब 40 लोग पहले से थे। आधार अपडेट के लिए 77वां नंबर मिला है, एक बज गए हैं, अभी तक तो नंबर नहीं आया है। - विशाल शर्मा
सुबह 7.30 बजे आ गया था, 10.30 बजे फार्म लिए गए। कई लोग जुगाड़ से अंदर जाकर अपना आधार अपडेट करवा ले रहे हैं और हम इंतजार ही कर रहे हैं। - समीर अली खान
आखिर ऐसी स्थिति क्यों आ रही है? इसका पूरा पता लगाया जाएगा। अगर तहसील में मशीनें कम हैं तो बढ़वाई जाएंगी। लोगों को परेशानी न हो। काम आसानी से हो जाए। इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। -
-दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर |