search

मुंगेर : रंगदारी से इन्कार पर चलाई गोली, ग्रामीणों ने साहस दिखा तीन बदमाशों को दबोचा

Chikheang 2026-1-16 19:57:31 views 449
  

मुंगेर के पंचरुखी में रंगदारी मांगने व फायरिंग करने वाले आरोपी के साथ पुलिस



संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के पंचरुखी गांव में गुरुवार की रात रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। रंगदारी देने से इन्कार करने पर बदमाशों ने एक व्यक्ति पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी। संयोगवश पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद साहस दिखाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर ही तीन बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपित अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग काफी देर तक सहमे रहे।
गुरुवार की रात धरहरा थाना क्षेत्र के पचरूखी गांव में हुई घटना

पीड़ित छोटू कुमार तांती (38) ने बताया कि तीन जनवरी को आरोपित पहली बार उसके घर पहुंचे थे और एक लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। मांग पूरी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में आरोपित के स्वजन से शिकायत भी की थी, जिसके बाद कुछ दिनों तक मामला शांत रहा। इस बीच गुरुवार की रात आरोपितों ने दोबारा उसके घर पहुंचकर उत्पात मचाया और रंगदारी देने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि मुख्य आरोपी छोटू कुमार ने कमर से पिस्टल निकालकर उस पर तान दी।
बाल-बाल बचा छोटू कुमार तांती, फरार की तलाश में छापेमारी

इसी दौरान उसके साथ आए दो अन्य लोगों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन छीन ली। जान बचाने के लिए छोटू कुमार तांती घर की ओर भागा तो आरोपितोें ने पीछा करते हुए उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपित छोटू कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ गोलू और अभिनव कुमार उर्फ नब्बा को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस

ग्रामीणों ने तीनों आरोपियों को पकड़ करतलाशी ली, जिसमें मुख्य आरोपी छोटू कुमार के पास से एक लोडेड पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपित सुमन कुमार तांती उर्फ बिसिया और राजेश कुमार उर्फ पोचा मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नहीं बख्शे जाएंगे बदमाश

पुलिस आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है, संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि रंगदारी मांगने, फायरिंग करने और लूटपाट की घटना में शामिल सभी आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि फरार बदमाशों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
168733