कैंट निवासी पेप्सी कंपनी में सेल्समैन सुरेश विश्वकर्मा खपरा कैंट के खपरा मोहाल आरओबी पर प्रतिबंधित मांझे का हुए शिकार , माथे पर लगे 15 टांके
जागरण संवाददाता, कानपुर। रेलबाजार के खपरा मोहाल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर मंगलवार शाम प्रतिबंधित मांझे का शिकार बाइक सवार पेप्सी कंपनी के सेल्समैन हो गए। मांझा उनके आधे खुले हेलमेट के शीशे से अंदर जा घुसा। जिससे वह लहूलुहान होकर आरओबी पर गिर गए।
घटना के दौरान मदद के बजाय रील और वीडियो बना रहे तमाशबीनों की भीड़ लग गई। इस दौरान उनकी मदद बाइक सवार सेना कर्मी ने की और बाइक से तत्काल केपीएम अस्पताल पहुंचाया। मांझे की रगड़ से उनके माथे पर हुए गहरे घाव पर 15 टांके लगे हैं।
खपरा मोहाल निवासी सुरेश विश्वकर्मा जाजमऊ के पोखरपुर स्थित पेप्सी कंपनी में सेल्समैन हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे ऑफिस से छूटने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने लेदर जैकेट के अलावा हेलमेट भी पहन रखा था। वह खपरा मोहाल आरओबी पर करीब साढ़े पांच बजे पहुंचे। इस दौरान मांझा फेथफुलगंज चौकी के पास उनकी जैकेट में उलझ गया।
जिसे उन्होंने हाथ से हटाने का प्रयास किया तो मांझा उनके हेलमेट के शीशे से अंदर माथे तक जा पहुंचा। वह कुछ समझ पाते तब तक उनका माथा खून से लथपथ था। खून देख वह घबराहट में अनियंत्रित होकर सड़क पर आ गिरे। फिर माथे से बहते खून को रोकने की कोशिश की, पर वह नहीं रुक रहा था तो वीडियो बना रहे राहगीरों से मदद की गुहार लगाई पर कोई मदद को आगे नहीं आया।
इस दौरान बाइक सवार एक सेनाकर्मी ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर केपीएम अस्पताल पहुंचाया। जिससे जान बच सकी। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद उन्होंने अपनी बाइक खपरा मोहाल आरओबी पर ही छोड़ दी। फिर पत्नी कामिनी और बेटे यश को घटना की जानकारी दी।
बेटा बाइक लेकर घर चला गया। इलाज के बाद वह शिकायत लेकर फेथफुलगंज चौकी पहुंचे। जहां एक सिपाही मौजूद था, उसने बाद में आकर शिकायत करने की बात कहीं। मामले में रेलबाजार थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि मामले की शिकायत पर कार्रवाई होगी।
मुरे कंपनी पुल पर मांझे की चपेट में आए थे नदीम
जाजमऊ की जेके कॉलोनी निवासी रवि चौरसिया बीते रविवार को दोस्त नदीम को बाइक पर बैठाकर सिविल लाइंस जा रहे थे। मुरे कंपनी आरओबी पर प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आ गए तो उन्होंने तत्काल बाइक रोक दी। जिससे तो वह बच गए पर मांझे से नदीम के हाथ की अंगुली कट गई थी। |
|