कैप्शन: गर्भगृह का वीडियो (सोशल मीडिया)
संवाद सहयोगी, कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी के भवन की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। ‘शिखा’ नाम की एक कंटेंट क्रिएटर ने अति सुरक्षा वाले मां वैष्णो देवी के गर्भगृह, पवित्र गुफा, प्राचीन गुफा, अटका आरती स्थल व चरणामृत स्थल जैसे क्षेत्रों की वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दीं।
यह वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहे है। यहां बता दें कि सुरक्षा कारणों से भवन के अंदर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध हैं। वीडियो प्रसारित होने के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इस संदर्भ में मामला दर्ज करवाया है।
सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
साथ ही भवन पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में भवन के अंदर गर्भगृह के कुछ ऐसे हिस्से दिखाई दे रहे हैं, जिनकी सार्वजनिक प्रस्तुति सुरक्षा दृष्टि से संवेदनशील मानी जाती है। इसके अलावा, इस घटना को आस्था और मर्यादा से भी जोड़कर देखा जा रहा है।इंटरनेट मीडिया पर ही भवन की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे।
उसके बाद श्राइन बोर्ड सक्रिय हुआ। श्राइन बोर्ड के प्रवक्ता के अनुसार, इस संबंध में 11 फरवरी को भवन स्थित पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके आधार पर एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो किन परिस्थितियों में और कब बनाया गया और सुरक्षा प्रोटोकाल में कहां चूक रह गई। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि तीर्थस्थल की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है।
सुरक्षाकर्मियों ने बरती लापराही
भवन क्षेत्र में सुरक्षा के सख्त इंतजाम हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यह भी देखा जाएगा कि संबंधित कंटेंट क्रिएटर ने कैसे प्रतिबंधित क्षेत्र में रिकार्डिंग की और क्या किसी सुरक्षा कर्मी ने लापरवाही बरती है। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया की जांच की जा रही है। जांच में तकनीकी विशेषज्ञ की सहायता ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- सात अप्रैल तक इन ट्रेनों में सीटें फुल, होली पर घर जाने वाले यात्रियों को होगी परेशानी |
|