15 फरवरी तक उम्मीद पोर्टल पर करें वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण को लेकर उम्मीद पोर्टल पर चल रहे पंजीकरण की समय सीमा 15 फरवरी तक बढ़ाई गई है, जबकि चेकर एवं एप्रुव करने की समय सीमा को पांच जून तक का विस्तार दिया गया है। इसके तहत जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय पांडेय ने निर्धारित समय सीमा के भीतर वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण का निर्देश दिया है।
उन्होंने जिले के समस्त मुतवल्लियों एवं प्रबंध कमेटियों को बताया है, कि केंद्रीय उम्मीद पोर्टल-2025 पर पंजीकृत वक्फ संपत्तियों का विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है।
15 अप्रैल तक होगी जांच
इसके अलावा मेकर-चेकर-एप्रूवर प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत 15 फरवरी तक मुतवल्ली (मेकर) द्वारा विवरण अपलोड किया जाएगा, 15 अप्रैल तक वक्फ बोर्ड द्वारा जांच की जाएगी तथा पांच जून तक बोर्ड स्तर से अंतिम स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय कुमार पांडेय ने बताया कि निर्देश दिया गया है, कि सभी मुतवल्ली निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण की कार्यवाही पूर्ण कर लें। नियत तिथि तक विवरण अपलोड न करने की स्थिति में संबंधित स्वयं जिम्मेदार होंगे। |
|