LHC0088 • Yesterday 22:56 • views 291
कुरुक्षेत्र में कार की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। गांव रतनडेरा के पास पांच फरवरी को एक कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां वीरवार को उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया।
मृतक की पहचान गांव सिरसला निवासी 44 वर्षीय सतविंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह पेट्रोल पंप के टैंकर का चालक था। स्वजन के अनुसार सतविंद्र पेट्रोल पंप से ड्यूटी पूरी कर झांसा रोड के रास्ते मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। गांव के योग आश्रम के पास पीछे से आ रही कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के भाई सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के समय वह सड़क पर टहलते हुए रतन डेरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान शहर की तरफ से आ रही एक कार ने उसके छोटे भाई की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह दौड़कर मौके पर पहुंचा और भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया। वीरवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर थाना सदर थानेसर में आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। |
|