पटना छात्र संघ चुनाव की गाइडलाइन जारी। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, पटना। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव कराने के लिए शुक्रवार को पीयू में विभिन्न समितियों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि प्रत्याशी और उनके चार समर्थक ही प्रचार कर सकेंगे।
प्रचार में शामिल सभी को संस्थागत केंद्रीय चुनाव कार्यालय से निर्गत परिचय पत्र साथ लेकर चलना अनिवार्य होगा। महिला के साथ अन्य कॉलेजों में प्रचार के दौरान कुल पांच लोग ही प्रवेश कर सकेंगे।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि मतदान के लिए पोलिंग बूथ की संख्या बढ़ाई जाएगी। पिछले वर्ग के 40 के स्थान पर इस बार 41 बूथ पर मतदान होगा।
चुनाव आचार संहिता को सख्ती से लागू करने के लिए पोस्टर, होर्डिंग प्रतिबंधित प्रचार माध्यमों या महिला महाविद्यालयों या विभिन्न संस्थानों में जमावड़ा या भीड़ से पैनिक स्थिति उत्पन्न करने पर चुनाव अधिकारी को तत्काल जानकारी देने को कहा गया है।
ऐसी स्थिति उत्पन्न करने वाले प्रत्याशी के विरुद्ध रिपोर्ट मिलने पर उनकी उम्मीदवारी खत्म हो सकती है। चुनाव को शांतिपूर्ण करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा कैंपस में उनकी तैनाती की जाएगी।
बैठक में चुनाव संचालन समिति के सदस्यों को चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं और तकनीकी विषयों पर चर्चा की गई तथा आवश्यक जानकारी दी गई।
निष्पक्ष चुनाव हमारी प्राथमिकता : कुलपति
पटना विश्वविद्यालय की कुलपति व पीयू छात्र संघ मुख्य संरक्षक प्रो. नमिता सिंह ने कहा कि छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में करना हमारी प्राथमिकता है। पीयू में छात्रसंघ चुनाव आदर्श चुनाव के रूप में स्थापित हो इसके लिए सभी स्तर से तैयारी की जा रही है।
बैठक में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. योगेंद्र वर्मा, पीयू छात्रसंघ के सलाहकार प्रो. खगेंद्र कुमार, प्रो. परिमल खान , प्राचार्य प्रो. राजकिशोर प्रसाद, प्रो. अनिल कुमार, प्रो. अलका, प्रो. सुहेली मेहता, प्रो. एनपी वर्मा, डा. राखी, प्रो. सहला यासमीन, डा. विनीता प्रियदर्शी आदि शिक्षक उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव: 28 फरवरी को मतदान, 5 समर्थकों के साथ प्रचार कर सकेंगे प्रत्याशी
यह भी पढ़ें- छात्र संघ चुनाव में सख्ती: 75% हाजिरी और साफ छवि अनिवार्य, अपराधी छात्रों की एंट्री बंद |