LHC0088 • Yesterday 21:56 • views 176
जिले में बनेंगे 225 अन्नपूर्णा भवन।
जागरण संवाददाता, अमेठी। गरीब परिवारजन को मुक्त राशन उपलब्ध कराने के लिए संचालित हो रहे सार्वजनिक वितरण प्रणाली व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। इसके लिए जिले में 225 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनाें से उपभोक्ताओं को अनाज तो मिलेगा साथ ही कामन सर्विस सेंटर के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। प्रक्रिया पूर्ण होने व धन का आवंटन के उपरांत निर्माण प्रारंभ शुरू कराया जाएगा।
डोर स्टेप डिलेवरी के तहत सिंगल स्टेप व्यवस्था लागू की गई है। इसमें राशन ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचता है। गांव में सकरे रास्ते में दुकान होने के कारण राशन वहां तक नहीं पहुंच पाता था। इस कारण समय से लोगों को राशन न मिलने की शिकायत मिलती थी।
इसके अलावा सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की भी शिकायत मिलती थी। इसके समाधान को लेकर पहले 2022 में माडल शाप बनाए जाने का निर्देश दिया गया था। जिसके तह 70 माडल शाप पहले बनाए जा चुके हैं।
इसके साथ ही 2025-26 में 92 मॉडल शॉप निर्माण कराया जाना है। जिसमें 31 विभागीय व 61 महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना जो अब वीबी जी रामजी के तहत बनाए जा रहे हैं, जिसमें से कई बन भी चुके हैं। इसके साथ ही 2026-27 के लिए 225 अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे। जिसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
जिले की स्थित पर एक नजर
765- राशन की दुकानें।
70031- अंत्योदय कार्ड धारक।
271992- पात्र गृहस्थी कार्ड धारक।
14,0000- यूनिट(लगभग)
अन्नपूर्णा भवनों के लिए वरीयता सूची बनाकर खाद्य आयुक्त भेजा जा रहा है। भूमि की तलाश की जा रही है। जल्द ही निर्माण प्रारंभ कराया जाएगा। -शशिकांत, जिला पूर्ति अधिकारी। |
|