खाजपुरा शिव मंदिर के पास महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा समिति में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह एवं सांसद संजय झा ने उतारी भगवान भोलेनाथ की आरती। जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर राजधानी पटना श्रद्धा, भक्ति और आस्था से सराबोर रही। खाजपुरा शिव मंदिर के समीप आयोजित भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
शाम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती की आरती उतार राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
शहर के करीब 30 स्थानों से निकली झांकियां मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचीं। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रही।
(भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन महाशिवरात्रि शोभा यात्रा के अभिनंदन महोत्सव।)
झांकियां बनीं रहीं आकर्षण का केंद्र
कोलकाता, रायपुर, धनबाद और हजारीबाग से आई झांकियों में शिव-पार्वती विवाह, भूत-पिशाचों की बारात और महाकालेश्वर मंदिर की भव्य प्रतिकृति मुख्य आकर्षण रही।
सुबह चार बजे से ही खाजपुरा मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं।
दिनभर जलार्पण चलता रहा और शाम छह बजे मंदिर के पट बंद होने के बाद भोलेनाथ का श्रृंगार, रुद्राभिषेक और शिव-पार्वती विवाह की रस्में देर रात तक चलीं।
33 फीट ऊंचे शिवलिंग की झांकी ने मन मोहा
शोभा यात्रा में सबसे पहले प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की झांकी समारोह स्थल पर पहुंची। शाम पांच बजे से शोभायात्राओं का आगमन शुरू हुआ और सभी समितियों को स्वागत के बाद मोमेंटो, मेडल और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य मंच पर सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर सजावट और 33 फीट ऊंचे शिवलिंग की आकृति आकर्षण रही। दूसरे मंच पर कलाकारों ने मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती प्रस्तुत की।
वहीं तीसरे मंच से गणेश वंदना और भजन संध्या का आयोजन हुआ। शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए।
पूरे दिन श्रद्धालुओं ने भजन-संकीर्तन और पुष्पवर्षा का आनंद लिया, और शहर हर-हर महादेव और जय-जय शिवशंभू के जयघोष से गूंजता रहा।
 |
|