search

India vs Pakistan: आउट ऑफ सिलेबस आ गए ईशान किशन, भारत ने पाकिस्‍तान को रौंदकर लगाई जीत की हैट्रिक

LHC0088 1 hour(s) ago views 323
  

भारत ने जीता मैच।  



स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रविवार को श्रीलंका का कोलंबो भारतमय हो गया। प्रेमदासा स्टेडियम से लेकर सड़क ओर होटल तक जहां भी नजर दौड़ाओ भारतीय फैंस ही नजर आ रहे थे। कोलंबो के नीले आसमान तले ब्लू जर्सी में भारतीय फैंस अपनी टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे। सूर्यकमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम भी फैंस की उम्मीदों पर खरी उतरी और उसने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक बार फिर पटखनी दे दी। पाकिस्‍तान टीम ने अभिषेक शर्मा की तैयारी थी, लेकिन ईशान किशन आउट ऑफ सिलेबस आ गए।

कभी तेज गेंदबाजी के लिए पहचानी जाने वाली पाकिस्तानी टीम ने प्रेमदासा स्टेडियम की ट्रिकी पिच पर छह स्पिनरों का इस्तेमाल करके भारतीय बल्लेबाजों को रोके रखा। अकेले ईशान किशन ने उनका ढंग से सामना किया और तूफानी पारी खेली। उन्होंने करियर का चौथा अर्धशतक ठोकते हुए भारत को 175 रन तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल किया और पाकिस्‍तान को 18 ओवर में 114 रन पर समेटकर 61 रन से मुकाबले को अपने नाम किया। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है।

सलमान आगा ने जीता टॉस
पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उनके अलावा पांच स्पिनरों सैम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या को 17वें ओवर तक हिलने नहीं दिया। सिर्फ ईशान किशन (77) ही पाकिस्तानी स्पिनरों पर हावी दिखे।

उन्होंने स्वीप, रिवर्स स्वीप का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए तीन छक्के और 10 चौके से भारत को अभिषेक शर्मा (0) के झटके से उबारा। पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ दो ओवर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने किए। बाकी 18 ओवर स्पिनरों ने फेंके। आगा का पहला मूव अच्छा था लेकिन आखिरी मूव थोड़ा खराब रहा क्योंकि इसमें भारत ने 16 रन बनाए।

आगा का शानदार मूव
पाकिस्तानी कप्तान आगा ने शानदार मूव लेते हुए तेज गेंदबाज अफरीदी की जगह खुद पहला ओवर फेंका। उनकी स्पिन ट्रिक कामयाब रही और भारतीय टीम की सबसे बड़ी उम्मीद अभिषेक कैच आउट हो गए। आगा चाहते थे कि अभिषेक शॉट लगाएं और वह जाल में फंस गए। पिछले छह टी-20 में उनका स्कोर 00, नाबाद 68, 00, 30, 00, 00 रहा है। आगा ने अभिषेक का विकेट लेने के बाद अपने साथियों को इशारा भी किया देखा क्या कहा था।

छक्‍के के साथ किया स्‍वागत
हालांकि अगले ही ओवर में ईशान ने शाहीन का स्वागत छक्के से किया। उनके इस ओवर में भारत ने 15 रन बनाए। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन दिए। सलमान ने चौथे ओवर में शाहीन की जगह स्पिनर सैम अयूब को लगा दिया। पावरप्ले में ही दोनों तरफ से स्पिनर गेंद फेंक रहे थे। पाकिस्तान ने पांचवें ओवर में ही तीसरे स्पिनर अबरार को गेंद थमा दी।

हालांकि किशन ने उनका स्वागत भी छक्के से किया। पावरप्ले के छह में से पांच ओवर स्पिनरों ने फेंके। ऐसा कम ही देखने को मिलता है। भारत ने छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाए जिसमें 42 रन किशन के थे। यह भारत-पाकिस्तान मैच में पावरप्ले में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं। इससे पहले पिछले साल दुबई में एशिया कप में शुभमन गिल ने पावरप्ले में 35 रन बनाए थे।

ईशान ने सातवें ओवर में 27 गेंद पर चौथा अर्धशतक पूरा किया। पैर में खिंचाव के कारण उन्हें कुछ देर फिजियो के साथ बिताने पड़े लेकिन सैम की गेंद पर उन्होंने घूमकर चौका मारा। हालांकि अगली गेंद पर वह बोल्ड हो गए। ऐसी पिच जहां गेंद ग्रिप कर रही थी और रुक कर आ रही थी वहां पर ईशान की इस पारी को काफी समय तक याद रखा जाएगा। ईशान के आउट होने के बाद भारत की रन गति धीमी हो गई।

तारिक का स्वागत
11वें ओवर में रुककर साइड आर्म गेंदबाजी करने वाले उस्मान तारिक आए और उनके सामने थे वही सूर्यकुमार यादव जो एक दिन पहले अभ्यास सत्र में अभिषेक और ईशान को उनके एक्शन में गेंदबाजी का अभ्यास करा रहे थे। सूर्य ने इंतजार किया और मिडविकेट के गैप में चौका मारा। पाकिस्तान ने वाइड के तौर पर पहला अतिरिक्त रन 13वें ओवर में दिया। इससे पता चलता है कि वे किस तैयारी में आए थे। इससे पहले सिर्फ एक लेग बाई आया था।

ईशान जब आउट हुए थे तब भारत ने 8.4 ओवर में 88 रन बनाए थे। इसके बाद सूर्य और तिलक ने अगली 34 गेंदों पर सिर्फ 48 रन जोड़े। 15वें ओवर में सैम अयूब की गेंद पर तिलक के LBW होने से भारतीय दर्शक खुश हुए क्योंकि उन्होंने 24 गेंद पर सिर्फ 25 रन बनाए थे। हालांकि अगली ही गेंद पर हार्दिक (0) के कैच आउट होने के बाद भारतीय टीम को करारा झटका लगा। इसके बाद शिवम (27) और सूर्य (32) ने स्कोर को 170 के पार पहुंचाया। रिंकू सिंह 4 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्‍तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए

कुछ अहम बातें
पिछले 6 मैच में चौथी बार अभिषेक शून्य पर आउट हुए। वह विश्व कप के अपने दो शुरुआती मैचों में शून्य पर आउट होने वाले पूर्णकालिक सदस्य देश के तीसरे बल्लेबाज हैं।
इमरूल कायस और आशीष नेहरा भी ऐसा कर चुके हैं। कायस और नेहरा ने विश्व कप में एक भी रन नहीं बनाया है।
3 मैच इस विश्व कप में इस मैदान पर इससे पहले हुए हैं। तीनों मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। इसमें पहली पारी का औसत 171 रहा है।
इस टूर्नामेंट से पहले इस मैदान पर हुए आठ टी-20 में सभी मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते थे। उन मैचों में पहली पारी का औसत 127 रहा था।
2014 से अब तक (इस मैच से पहले) भारत-पाक 11 टी-20 मैचों में भिड़ चुकी हैं, जिसमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम 10 बार जीती है। सिर्फ न्यूयार्क में 2024 विश्व कप में पहले खेलते हुए भारत जीता था।
06 पाकिस्तानी स्पिनरों ने इस पारी में गेंदबाजी की। विश्व कप में पहली बार किसी टीम ने ऐसा किया। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा सिर्फ दो पूर्णकालिक सदस्य देशों ने ऐसा किया है।

स्पिनर द्वारा टी-20 पारी में फेंके गए सबसे ज्यादा ओवर
18 ओवर: पाकिस्तान बनाम आस्ट्रेलिया, कोलंबो, 2012
18 ओवर: पाकिस्तान बनाम भारत, कोलंबो, 2026
16 ओवर: अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड, दिल्ली, 2016
16 ओवर: अफगानिस्तान बनाम वेस्टइंडीज, नागपुर, 2016
16 ओवर: पाकिस्तान बनाम अमेरिका, कोलंबो, 2026

भारत ने बनाया सबसे बड़ा स्‍कोर
टी20 विश्‍व कप इतिहास में भारत ने पाकिस्‍तान के खिलाफ सबसे ज्‍यादा स्‍कोर (175) बनाया। ऐसे में पाकिस्‍तान को तेज शुरुआत की जरूरत थी। 176 रन चेज करने उतरी पाकिस्‍तान टीम को हार्दिक पांड्या ने पहले ओवर में झटका दिया। पहले ओवर की चौथी गेंद पर साहिबजादा फरहान कैच आउट हुए। रिंकू सिंह के हाथों में उनकी पारी ने दम तोड़ा। साहिबजादा फरहान ने 4 गेंदों का सामना किया और उनका खाता तक नहीं खुला।

दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मैच पर भारत की पकड़ को और मजबूत कर दिया। स्पिनर्स के लिए उपयोगी पिच पर भारतीय तेज गेंदबाज बुमराह ने अपने दूसरे ओवर में 2 विकेट चटकाए। दूसरी गेंद पर बुमराह ने सैम अयूब (6) को LBW आउट किया। ओवर की आखिरी गेंद पर बुमराह ने पाकिस्‍तानी कप्‍तान सलमान आगा को वापस भेज दिया। आगा ने 4 गेंदों का सामना किया और 4 रन बनाए।

लगातार विकेट गिरने के बाद भी पाकिस्‍तान के बल्‍लेबाज लप्‍पे मारने में लगे थे। वह पार्टनरशिप की तरफ देख ही नहीं रहे थे। विकेटकीपर उस्‍मान खान और पूर्व कप्‍तान बाबर आजम ने चौथे विकेट के लिए 21 रन जोड़े। फिर अक्षर पटेल ने बाबर (5) को बोल्‍ड कर दिया। 6 ओवर के बाद पाकिस्‍तान को स्‍कोर 4 विकेट के नुकसान पर 38 रन था। टी20 विश्व कप में दूसरी बार हुआ है जब पावरप्ले के अंदर पाकिस्तान के 4 विकट गिर गए हों। इससे पहले 2014 में मीरपुर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 13/4 पर स्कोर हुआ था।

इसके बाद उस्‍मान खान और शादाब खान ने पाकिस्‍तान की मैच में वापसी कराई। 10 ओवर के बाद टीम का स्‍कोर 71/4 था। 11वें ओवर में भारतीय उपकप्‍तान अक्षर पटेल ने इस उस्‍मान और शादाब के बीच हुई 39 रनों की साझेदारी को तोड़ दिया। अर्धशतक की ओर बढ़ रहे उस्‍मान ने आगे बढ़कर कट मारने का प्रयास किया। विकेट के पीछे ईशान किशन ने कोई गलती नहीं की और स्‍टंप्‍स उखाड़ दिए। पाकिस्‍तान के विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने 34 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली।

7 नंबर पर उतरे मोहम्‍मद नवाज एक चौका लगाकर कुलदीप का शिकार बने। मैच पर भारत की पकड़ मजबूत होता देख भारतीय कप्‍तान ने अपने पार्ट-टाइमर को आजमाया। उन्‍होंने 13वां ओवर तिलक वर्मा को सौंपा। पहली ही गेंद पर शादाब खान (14) बड़ा शॉट लगाने गए और शिवम दुबे को कैच थमा बैठे। हार की दहलीज पर पहुंच चुकी पाकिस्‍तान को वरुण चक्रवर्ती ने दो झटके दिए।

16वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्‍होंने फहीम अशरफ (10) को और चौथी गेंद पर अबरार अहमद (0) को डगआउट में भेज दिया। हालांकि, वह हैट्रिक से चूक गए। रिंकू सिंह ने फहीम का कैच लिया तो अबरार LBW आउट हुए।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160361