हिमाचल के सोलन में शिवरात्रि पर झंडा चढ़ाते करंट से झुलसे 3 लोग। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के बैरछा पंचायत के खनोवा गांव में बिजली का करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 2 लोग बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को पंजैहरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मृतक का सोमवार को नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
खनोवा गांव में रविवार को नगर खेड़ा का स्थापना दिवस था। इस मौके पर भंडारे का आयोजन किया गया था। गांव के लोग नगर खेड़ा का झंडा चढ़ाने की रस्म कर रहे थे। पुराने झंडे को निकाल कर नए झंडे को चढ़ाने में लगे थे।
जैसे ही पुराने झंडे को उतार कर पाइप को निकाल रहे थे तो अचानक लोहे की पाइप नगर खेड़ा के ऊपर से गुजर रही एक एचटी लाइन से टकरा गई, जिससे बिजली का प्रवाह लोहे की पाइप में आने से 3 लोगों को एक साथ करंट लग गया। इस करंट की चपेट में गांव का हरि सिंह पुत्र माड़ू राम, हरि सिंह पुत्र लेख राज तथा अवतार सिंह पुत्र मेहर चंद बेहोश हो गए।
अचानक हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। तीनों घायलों को स्थानीय निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर हरि सिंह (45) पुत्र माड़ू राम की हालत नाजुक होने पर उसे बिलासपुर स्थित एम्स के लिए रैफर कर दिया गया।
बैरछा पंचायत के पूर्व प्रधान जोगिंद्र सिंह जिंदू अपनी कार से हरि सिंह को बिलासपुर ले गए। एम्स पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि मृतक को वापस नालागढ़ लाया जा रहा है। सोमवार को उसका पोस्टमार्टम होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। |