पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पुलिस ने ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो अपने दो साथियों के साथ सिर्फ पुलिसकर्मियों के घरों में ही चोरी किया करता था। पिछले 15 साल से उसका यही सिलसिला है। पुलिस लाइन में दो सिपाहियों के घर चोरी की वारदात के बाद पहली बार उसे साथ पकड़ा गया।
रैकी के बाद करते थे वारदात
पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि पुलिसकर्मियों को यह भरोसा रहता है कि उनके घर में कोई सेंध नहीं लगाएगा। इसी बेफिक्री का फायदा उठाकर वह और उसके गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देते थे। पहले पुलिसकर्मियों को चिह्नित करते थे और उनके घरों पर नजर रखते। जब घर में कोई नहीं होता तो वे लोग वहां ताला तोड़कर या नकब लगाकर घुसते और चोरी कर फरार हो जाते थे।
सब्जी बेचता है आरोपित
पकड़ा गया आरोपित सब्जी विक्रेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण व 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पिछले 20 जनवरी को खंडवा पुलिस लाइन में दो पुलिसकर्मियों के घरों में चोरी हुई थी। शहर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य के अनुसार, दोनों मामले दर्ज कर चोरों की तलाश की गई तो तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। अब उसके बाकी दो साथियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- विवादित IAS संतोष वर्मा को इंदौर कोर्ट का आदेश, थाने में देने होंगे हस्ताक्षर के नमूने
16 प्रकरण दर्ज, चल रहा था फरार
आरोपित ने बताया कि दोनों साथियों के उसने मध्य प्रदेश के कई जिलों धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, इंदौर और देवास की पुलिस लाइनों में भी चोरी की कई वारदातें की हैं। विभिन्न जिलों में चोरी के 16 प्रकरण आरोपित के खिलाफ दर्ज पाए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें वह अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ था। पुलिस के अनुसार, यह पता करते की कोशिश की जा रही है कि तीनों चोरों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। |