LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 896
खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया का रहा है आग हादसों का इतिहास। जागरण
संवाद सहयोगी, भिवाड़ी। राजस्थान के अलवर जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर इस इंडस्ट्रियल बेल्ट की खतरनाक हकीकत उजागर कर दी है। प्लॉट संख्या G1-118 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में लगी आग में सात मजदूर जिंदा जल गए, जबकि दो के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।
घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 श्रमिक मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घायलों को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और यहां चाइनीज पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।
पहले भी केमिकल फैक्ट्री में लगी थी आग
खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले जून 2024 में वर्तिका केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लग गई थी। उस हादसे में एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई थी, जबकि एक दर्जन से अधिक कर्मचारी झुलस गए थे।
यह भी पढ़ें- भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया की केमिकल फैक्ट्री में आग का तांडव, 7 मजदूर जिंदा जले
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह केमिकल रिएक्शन बताई गई थी। फैक्ट्री के चारों तरफ बंद होने और अंदर धुआं भर जाने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आई थीं।
अन्य औद्योगिक क्षेत्रो का भी यही हाल
इतना ही नहीं, भिवाड़ी के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी आग का खतरा लगातार बना हुआ है। हाल ही में पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र की एक लाइटर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार के बीच दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बार-बार सामने आ रहे ऐसे हादसे यह संकेत देते हैं कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का गंभीर अभाव है और कई इकाइयां नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रही हैं। हर घटना के बाद जांच और कार्रवाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में खास सुधार नजर नहीं आता।
ताजा हादसे के बाद एक बार फिर यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में आग का यह सिलसिला कब थमेगा और जिम्मेदारों पर कब सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में कार-बाइक की भीषण टक्कर, कंपनी कर्मचारी की मौत; डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग |
|