LHC0088 • 6 hour(s) ago • views 122
महिला ने दहेज की मांग से परेशान होकर निगला जहर (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, जींद। विश्वकर्मा कालोनी में रविवार दोपहर को एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काब्रच्छा हाल आबाद इंद्र कालोनी निवासी रमेश की पत्नी 35 वर्षीय पिंकी ने रविवार दोपहर को जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान पिंकी की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए।
मृतका के पिता कोथ कलां निवासी सुबेर बेग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी पिंकी की शादी लगभग दो साल पहले रमेश के साथ हुई थी। उसका दामाद रमेश 2025 में अवैध असलहा के साथ भी पकड़ा गया था। शादी के बाद से ही रमेश उसकी बेटी को दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहा था। शादी को बचाए रखने के लिए उसने रमेश को एक लाख रुपये भी दिए थे।
इसके बाद भी रमेश उसकी बेटी को प्रताड़ित करता रहा। इससे परेशान होकर उसकी बेटी पिंकी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। शहर थाना पुलिस ने सुबेर बेग की शिकायत पर मृतका के पति रमेश के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता ने अपने दामाद पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
नागरिक अस्पताल में सोमवार को जब मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा था, तभी मायका पक्ष के लोग आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काफी देर तक अड़े रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपित रमेश फिलहाल शहर में नहीं है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। काफी देर बाद स्वजन पोस्टमार्टम के लिए माने।
पुलिस ने फिलहाल पति रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
--दिनेश कुमार, शहर थाना प्रभारी |
|