प्रयागराज में साइबर पुलिस की गिरफ्त में आनलाइन ठगी के आरोपित। साभार : पुलिस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एंड्रायड पैकेज किट (एपीके) फाइल, फिशिंग लिंक भेजकर, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर आनलाइन ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। मूलरूप से बिहार निवासी मोनू, साजिद, समीर दिल्ली में रहकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
मोबाइल, सिमकार्ड व एटीएम कार्ड आदि बरामद
साइबर थाने की पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करते हुए आठ मोबाइल, सात सिमकार्ड, पांच एटीएम कार्ड और 10 पासबुक बरामद किया है। शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला कि है कि इस गिरोह ने दूसरे प्रदेश के 15 लोगों को आनलाइन ठगा था। जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।
लिंक ओपन करने पर 99 हजार आनलाइन कट गए
बताया गया है कि सिविल लाइंस में रहने वाले दुर्गेश प्रताप सिंह के पास कुछ माह पहले एक अनजान नंबर से काल आई थी। कालर ने खुद को स्टेट बैंक आफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड टीम का अधिकारी बताया। कहा था कि उनके कार्ड पर इंश्योरेंस लगा है, जिसको हटाने के लिए लिंक भेजा। उस लिंक को ओपन करने के कुछ देर बाद दुर्गेश के क्रेडिट कार्ड से करीब 99 हजार रुपये रुपये आनलाइन कट गए थे।
साइबर ठगों का लगा सुराग
पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने आइटी एक्ट का मुकदमा कायम किया। मुकदमे की जांच साइबर थाने की पुलिस ने शुरू की तो साइबर ठगों का सुराग मिल गया। सोमवार को साइबर थाने के इंस्पेक्टर मो. आलमगीर, दारोगा मानवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर यादव सिपाही प्रदीप यादव, अनुराग यादव, सुनील की टीम ने घेरेबंदी करके तीन साइबर ठगों को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपितों ने कई अन्य लोगों को भी तरह-तरह के जाल में फंसाकर ठगी की थी। दिखावे के लिए वह वेटर का काम करते थे, लेकिन असली काम साइबर ठगी थी।
फर्जी सिम का करते थे इस्तेमाल
गिरफ्तार साइबर ठग फर्जी सिम यानी दूसरे के नाम का सिम कार्ड इस्तेमाल करते थे। लोगों को जाल में फंसाने के लिए वाट्सएप पर काल करते थे। इसके बाद ठगी की रकम के लिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करते थे। पीड़ितों के मोबाइल को रिमोट एक्सेस पर लेकर उनके खाते से रकम गायब करते थे।
इनकी हुई गिरफ्तारी
- मोनू कुमार पुत्र विनय सिंह निवासी बकरे वाली गली कपासहेड़ा, साउथ वेस्ट दिल्ली। स्थाई पता ग्राम जिकटी जनपद मुजफ्फपुर बिहार
- मो. साजिद उर्फ गोलू पुत्र मो0 असलम निवासी कापसहेड़ा, साउथ वेस्ट दिल्ली। स्थाई पता ग्राम हरीनगर थाना नेवतन जनपद पश्चिमी चंपारण बिहार
- समीर आलम पुत्र अब्दुल कय्यूम मियां निवासी बिजवासन, साउथ वेस्ट दिल्ली। स्थाई पता ग्राम रामनगर थाना रामनगर जनपद पश्चिमी चंपारण बेतिया बिहार
यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में 6 घंटे के भीतर सड़क हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत, एक को वाहन ने डेढ़ किमी तक घसीटा
यह भी पढ़ें- स्कूल से गायब अध्यापक का वेतन निकाल रही थीं प्रधानाध्यापिका, प्रयागराज के बीएसए ने किया निलंबित |