जालंधर में रेलवे क्रॉसिंग की दीवार से टकराई बाइक। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, शाहकोट/मलसियां। बाइक के रेलवे क्रासिंग की दीवार से टकराने के कारण एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको सरकारी अस्पताल शाहकोट में भर्ती करवाया गया, जहां से जालंधर रेफर कर दिया गया।
अजय पुत्र बख्शी, खुशप्रीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र फकीर सिंह और अंश पुत्र सुच्चा निवासी शिव कालोनी मोहल्ला महिताबगढ़ कपूरथला मलसियां-नकोदर रोड स्थित एक पैलेस में वेटर का काम करने आए थे। वहां से रात करीब 9:30 बजे चारों युवक एक ही बाइक पर कपूरथला लौट रहे थे।
अजय मोटरसाइकिल चला रहा था। इस दौरान अंधेरे में शाहकोट की दिशा में निकल गए। जब गलती का एहसास हुआ तो मोटरसाइकिल वापस मोड़ ली और रेलवे क्रासिंग फ्लाईओवर से नीचे चले गए।
बाइक की तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर रेलवे क्रासिंग के पास बनी दीवार से टकरा गई।
इसके बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से एक युवक ने पास ही मौजूद अपने साथियों को सूचना दी जो तुरंत मौके पर पहुंचे। सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से कुलदीप सिंह और अंश को नकोदर भेजा गया।
जबकि अजय और खुशदीप सिंह को शाहकोट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डाक्टर राजवी ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जालंधर रेफर कर दिया। इस बीच, नकोदर भेजे गए अंश की मृत्यु हो गई। |